पटना में 70 वर्ष से अधिक बुजुर्गों का बनेगा आयुष्मान कार्ड, स्वास्थ्य मंत्री ने अभियान का किया उद्घाटन
पटना। राजधानी में 70 वर्ष से अधिक उम्र वाले बुजुर्गों का भी आयुष्मान कार्ड बनाया जा रहा है। इसके लिए सिर्फ आधार कार्ड होना अनिवार्य है। राशन कार्ड हो या ना हो सभी 70 वर्ष से अधिक उम्र वाले का आयुष्मान कार्ड बनेगा। पटना के सभी 75 वार्डों में आज से कैंप लगाकर आयुष्मान कार्ड बनाया जाएगा। इसे लेकर पटना के मौर्य लोक परिसर में कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम में स्वास्थ्य मंत्री मंगल पांडेय, नगर विकास एवं आवास विभाग मंत्री नितिन नवीन, दीघा विधायक संजीव चौरसिया, उप महापौर रेशमी कुमारी सहित नगर आयुक्त के अलावा अन्य लोग मौजूद रहें। मंगल पांडेय ने कहा कि पटना के सभी 75 वार्डों में आज से 10 दिसंबर तक विशेष अभियान के तहत आयुष्मान कार्ड बनाया जा रहा है, जिनकी उम्र 70 वर्ष से अधिक है, उनके लिए यह विशेष अभियान है। इसके अलावा सभी मोहल्लों में भी कैंप लगाया जाएगा। स्वास्थ्य मंत्री मंगल पांडेय ने आगे कहा कि 70 वर्ष की उम्र में जिसका कोई इंश्योरेंस कवर नहीं कर रहा था, उनके लिए हमने सोचा है। 70 वर्ष से अधिक उम्र वालों को ही सबसे अधिक आयुष्मान कार्ड की जरूरत होती है। हम उनकी व्यवस्था कर रहें है। भारत के 29 हजार अस्पताल लिस्टेड हैं, जहां कोई भी आयुष्मान कार्ड से 5 लाख रुपए तक का इलाज करा सकते हैं। अभी तक 506 करोड़ रुपए का इलाज बिहार के लोगों का बिहार के बाहर हो चुका है, जिन लोगों का मार्च 2024 के बाद राशन कार्ड बना है, उनका भी 15 दिसंबर के बाद कार्ड बनाना शुरू हो जाएगा। नगर विकास एवं आवास मंत्री नितिन नवीन ने कहा कि पटना सहित पूरे बिहार के शहरी क्षेत्र में कैंप लगाया जा रहा है। इसमें नगर के कर्मी अलग-अलग लोगों के घरों में जाकर 70 वर्ष से अधिक उम्र वालों का पता करेंगे और अगर उनका आयुष्मान कार्ड नहीं बना है तो कर्मी आयुष्मान कार्ड बनाएंगे। अगर कोई बुजुर्ग कैंप तक पहुंचने में असमर्थ है, तो बुजुर्ग का घर जाकर कार्ड बनाया जाएगा।


