आगरा की लड़की के साथ पटना में दहेज के लिए मारपीट,पति और सास के खिलाफ महिला थाना में मामला दर्ज

पटना। राजधानी पटना में दहेज प्रथा का एक और शर्मनाक मामला सामने आया है। आगरा की रहने वाली प्रियंका शर्मा नामक युवती ने अपने पति और सास पर दहेज की मांग पूरी न होने पर लगातार प्रताड़ित करने, मारपीट करने और जान से मारने की कोशिश करने का गंभीर आरोप लगाया है। इस मामले में पीड़िता ने आगरा के महिला थाना में शिकायत दर्ज कराई है। पुलिस ने प्राथमिकी दर्ज कर मामले की जांच शुरू कर दी है और पीड़िता को सुरक्षा उपलब्ध कराने की प्रक्रिया भी आरंभ कर दी है। इस मामले में एफआईआर संख्या 04/2025 दर्ज की गई है प्राप्त जानकारी के अनुसार आगरा की रहने वाली प्रियंका शर्मा पुत्री स्व. योगेश चंद्र शर्मा (आगरा) की शादी 14 फरवरी 2024 को आर्य समाज मंदिर में हिंदू रीति-रिवाज के अनुसार पटना के कंकड़बाग निवासी यशराज सिंह पुत्र- रमेश कुमार से संपन्न हुई थी। शादी का पंजीकरण 17 फरवरी 2024 को तहसील में कराया गया।पीड़िता का आरोप है कि शादी के तुरंत बाद पति यशराज ने उसके घर से पाँच लाख रुपये और जेवर लेकर चला गया। साथ ही वादा किया कि वह जल्द ही उसे अपने घर बुला लेगा। विवाह के बाद प्रियंका गर्भवती भी हुई, लेकिन पति ने गर्भ गिराने का दबाव बनाया। यह भी आरोप है कि शादी से पहले यशराज ने जबरन शारीरिक संबंध बनाकर गर्भवती किया और जबरन गर्भपात करवाया। प्रियंका ने अपनी तहरीर में बताया है कि 2 जनवरी 2025 को यशराज ने फोन कर उसे पटना बुलाया। इसके बाद वह 3 जनवरी को पटना पहुँची। लेकिन जब 5 जनवरी को वह पति के घर गई, तो यशराज और उसकी माँ विभा ने उससे गाली-गलौज और मारपीट की। उन्होंने उससे 10 लाख रुपये नकद और अतिरिक्त सामान लाने की मांग रखी। पीड़िता के अनुसार, जब उसने दहेज की मांग पूरी करने से इनकार किया, तो पति और सास ने उस पर दराती से हमला कर जान से मारने की कोशिश की। किसी तरह उसने जान बचाकर वहां से भागकर शरण ली। पीड़िता ने अपने बयान में यह भी खुलासा किया है कि यशराज और उसके परिवार का आपराधिक इतिहास रहा है। प्रियंका का आरोप है कि शादीशुदा होने के बावजूद यशराज के अन्य महिलाओं से अवैध संबंध हैं और उसकी पहले भी शादी हो चुकी है। प्रियंका शर्मा ने अपनी तहरीर में लिखा है कि शादी के बाद से उसे बार-बार जान से मारने की धमकियां दी जा रही हैं। यशराज और उसकी माँ विभा लगातार फोन कर उसे और उसके परिवार को नुकसान पहुँचाने की धमकी देते रहते हैं। पीड़िता का कहना है कि पति और ससुराल वालों के डर से उसकी और उसके परिवार की जान को गंभीर खतरा है।महिला थाना ने मामले की गंभीरता को देखते हुए प्राथमिकी दर्ज कर जांच कर रही है। पुलिस ने पीड़िता को सुरक्षा उपलब्ध कराने की प्रक्रिया भी तेज कर दी गई है। सूत्रों के अनुसार, आरोपी पति यशराज और उसकी माँ विभा शर्मा के खिलाफ दहेज प्रताड़ना, शारीरिक उत्पीड़न और हत्या के प्रयास सहित कई धाराओं में मामला दर्ज किया गया है। इस घटना ने एक बार फिर समाज में व्याप्त दहेज प्रथा और महिलाओं पर होने वाले उत्पीड़न को उजागर किया है।
