September 16, 2025

पंजाब चुनाव में चली AAP की आंधी; कैप्टन अमरिंदर और सुखबीर बादल हारे, केजरीवाल ने दी बधाई

पंजाब। दिल्ली की सरहद के बाहर आम आदमी पार्टी ने पंजाब में भी अपना परचम लहरा दिया है। आप पंजाब में न सिर्फ सबसे बड़ी पार्टी बनकर उभरी है, बल्कि बहुमत के आंकड़े से भी बहुत आगे निकलती नजर आ रही है। अब भगवंत मान का CM बनना लगभग तय हो गया है। इधर, पंजाब के पूर्व मुख्यमंत्री कैप्टन अमरिंदर सिंह 13 हजार तो सुखबीर सिंह बादल 12 हजार वोट से चुनाव हार गए हैं। वही दिलचस्प बात यह है कि दूसरे नंबर के लिए कांग्रेस और अकाली दल में टक्कर है, लेकिन दोनों मिलाकर भी आप के चौथाई हिस्से तक भी पहुंचती नजर नहीं आ रही हैं। वहीं, भाजपा दहाई का अंक छूने के लिए भी तरस गई है। मौजूदा CM चन्नी और कांग्रेस के प्रधान नवजोत सिंह सिद्धू भी कोई कमाल नहीं दिखा पाए हैं।

केजरीवाल ने आप की जीत पर बधाई दी

आम आदमी पार्टी के प्रमुख और दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल ने पार्टी के CM कैंडिडेट भगवंत मान के साथ फोटो ट्वीट की। इसमें उन्होंने AAP की जीत को इंकलाबी बताया है। चुनावी हार-जीत का अंदाजा नेताओं के घरों को देखकर भी लगाया जा सकता है। पंजाब जीतने वाले भगवंत मान के घर को फूलों से सजाया गया है। उनके घर सुबह से जलेबियां भी बन रही थीं। दूसरी तरफ मौजूदा CM चरणजीत चन्नी और अकाली लीडर सुखबीर सिंह बादल के घर सन्नाटा पसरा है। तस्वीरों में देखकर आप खुद समझ सकते हैं कि नेताजी के घर पर जीत की रौनक और हार की मायूसी कैसे रिफ्लेक्ट होती है।

एग्जिट पोल में भी सबसे बड़ी पार्टी बनी थी आप

एग्जिट पोल्स में आम आदमी पार्टी के सबसे बड़ी पार्टी बनने का अनुमान लगाया गया था। इसके मुताबिक अकाली दल-BSP गठबंधन दूसरे नंबर पर रह सकता है। तीसरे पर कांग्रेस तो वहीं भाजपा का दहाई के आंकड़े तक पहुंचना भी मुश्किल लग रहा है। अभी तक के रुझानों से यह झलक भी रहा है।

You may have missed