February 25, 2026

प्रदेश में छठ महापर्व तक साफ बना रहेगा मौसम, सुबह-शाम बढ़ेगी ठंडक

पटना। पटना बिहार में लगातार मौसम में बदलाव देखा जा रहा है। चक्रवाती तूफान का आंशिक असर राज्य के एक दो जिलों पर हुआ है। वहां हल्की बारिश दर्ज की गई है। अब लोगों की नजर छठ से पहले मौसम के बदलते मिजाज पर है। मौसम विभाग के मुताबिक आगामी 5 दिनों तक बिहार का मौसम साफ रहने की उम्मीद है। धूप खिली रहेगी और वातावरण पूरी तरह शुष्क रहेगा। लोगों को रात में ठंड का एहसास होगा। चक्रवाती तूफान का असर राज्य के अलावा देश के अन्य हिस्सों में अब नहीं है। राज्य में आगामी 5 दिनों तक तापमान में और गिरावट होगी। पछुआ हवा का प्रवाह ठंड को बढ़ाएगी। छठ के दौरान तापमान में और गिरावट रहेगी। सुबह के वक्त हल्का कोहरा और धुंध बना रहेगा। तापमान में तीन से चार डिग्री गिरावट दर्ज की जा सकती है। दिन में धूम और रात में ठंड का एहसास बरकरार रहेगा।
राजधानी पटना में सामान्य रहा मौसम
राजधानी पटना का तापमान 31.9 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया है। सितरंग का हल्का सा असर पिछले 24 घंटों में कुछ इलाकों में देखा गया। जिसमें लखीसराय, जमुई, सूर्यगढ़ा, रजौली में हल्की बारिश हुई। उसके बाद से मौसम साफ हो गया है। इन जिलों में भी ठंड का एहसास बड़ा है। लोग सुबह-शाम मोटे कपड़े पहनने लगे हैं। शाम होते ही तापमान में गिरावट दर्ज की जा रही है। राजधानी पटना में अधिकतम तापमान 31.9 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया है। वहीं, गया में 32.0, मुजफ्फरपुर में 29.6 और भागलपुर में 31.5 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया है। इस दौरान मंगलवार को 35 डिग्री सेल्सियस के साथ पश्चिम चंपारण का माधोपुर सबसे ज्यादा तापमान वाला शहर रहा। मौसम विभाग की मानें, तो लोगों को बदलते मौसम में सावधान रहना चाहिए। क्योंकि इस समय दिन में धूप खिली होती है। लेकिन सुबह शाम ठंड बढ़ गई है। इसलिए लोगों को हल्के और गरम कपड़े निकाल लेने चाहिए।

You may have missed