PATNA : आयुष्मान भारत के तहत प्रदेश के 4 लाख लाभुकों ने कराया इलाज
- 75,57,002 लाभुको का बना आयुष्मान कार्ड, 606 सरकारी और 363 निजी अस्पताल हैं सूचीबद्ध
- 3 लाख 98 हजार 531 लाभुक हुए लाभान्वित
पटना। आयुष्मान भारत योजना के तहत बिहार के गरीब लाभुकों एवं परिवारों को नि:शुल्क व गुणवत्तापूर्ण चिकित्सा उपलब्ध करायी जा रही है। इस योजना के अंतर्गत लाभुकों को स्वास्थ्य उपचार के लिए पांच लाख रुपये तक की राशि उपलब्ध कराई जा रही है। प्रदेश में 23 सितम्बर 2018 से लेकर 31 मई 2022 तक 3 लाख 98 हजार 531 लाभुकों ने सूचीबद्ध निजी एवं सरकारी अस्पतालों में स्वास्थ्य सेवा का लाभ लिया है। योजना के तहत कैंसर, हृदय रोग एवं ब्रेन सर्जरी जैसी गंभीर बीमारियों के समेत अन्य रोगों का निःशुल्क इलाज प्राप्त हो रहा है।
75,57,002 लाभुक का बनाया गया आयुष्मान कार्ड
अमिताभ सिंह, प्रशासी पदाधिकारी, बिहार स्वास्थ्य सुरक्षा समिति ने बताया कि प्रदेश में 31 मई 2022 तक कुल 35 लाख 3 हजार 410 परिवारों का आयुष्मान कार्ड बनाया गया है। जिसमें कुल 75 लाख 57 हजार 2 लाभुक शामिल हैं। वित्तीय वर्ष 2021-22 में 7 लाख 23 हजार 129 लाभुकों का कार्ड बनाया गया है। लाभुकों को निःशुल्क चिकित्सकीय उपचार प्रदान करने के लिए सरकारी अस्पताल के साथ निजी अस्पतालों को भी सूचीबद्ध किया गया है।
606 सरकारी और 363 निजी अस्पताल हैं सूचीबद्ध
31 मई, 2022 तक कुल 969 सरकारी एवं निजी अस्पताल सूचीबद्ध किए गए हैं। इसमें 606 सरकारी एवं 363 निजी अस्पताल शामिल हैं। बिहार में कुल 1 करोड़ 8 लाख 95 हजार 176 परिवारों का आयुष्मान कार्ड बनवाने का लक्ष्य निर्धारित किया गया है। जिसमें 1 करोड़ 29 हजार 655 ग्रामीण एवं 8 लाख 65 हजार 521 शहरी परिवारों के आयुष्मान कार्ड बनाने का लक्ष्य है। इस लक्ष्य को प्राप्त करने के लिए स्वास्थ्य विभाग द्वारा नियत कार्य योजना बनाकर आयुष्मान कार्ड बनाने पर जोर दिया जा रहा है। इसके लिए ग्रामीण एवं शहरी क्षेत्रों में समय-समय पर विभाग द्वारा विशेष कैंप के माध्यम से भी आयुष्मान कार्ड बनाने पर जोर दिया जा रहा है।


