February 16, 2026

एके-47 मामला: अनंत सिंह ने फेसबुक के माध्यम से कहा, मैं फरार नहीं हूं, दो-तीन दिन में करूंगा समर्पण

पटना। मोकामा के निर्दलीय विधायक बाहुबली अनंत सिंह को जहां एक ओर पटना पुलिस फरार घोषित कर चुकी है। वहीं दूसरी ओर अनंत सिंह ने फेसबुक के माध्यम से अपने आप को पुलिस के हवाले करने की बात कही है। फेसबुक के माध्यम से अनंत सिंह ने कहा है कि वह पहले फ्लैट पर जाएंगे और मीडिया के लोगों से मिलेंगे, उसके बाद पटना पुलिस को खुद को हवाले करेंगे। उन्होंने मीडिया में चल रहे खबर को खारिज करते हुए कहा कि वह फरार नहीं हुए हैं। उन्होंने मुख्यमंत्री नीतीश कुमार से मिलने का समय मांगा था और इस बीच एक मित्र का फोन आ गया था, जिसे देखने के लिए वे चले आए। उन्होंने कहा कि तीन-चार दिनों के अंदर वे अपने फ्लैट पर जाएंगे और मीडिया से मिलने के बाद अपने आप को पटना पुलिस के सुपुर्द कर देंगे। वहीं दूसरी ओर अनंत सिंह के समर्थकों ने आरोप लगाया कि पटना के कारगिल चौक पर प्रदर्शन कर वे लोग सुशासन बाबू नीतीश कुमार का पुतला दहन करने वाले थे, परंतु पुलिस ने उन्हें रोक दिया। बता दें कि अनंत सिंह के घर से मिले एके-47 मामले ने अब राजनीतिक रंग ले लिया है। जहां एक ओर पक्ष नीतीश सरकार के साथ खड़ी है। वहीं दूसरी ओर विपक्ष नीतीश सरकार को कटघरे में खड़ा कर रही है। कांग्रेस के वरीय नेता सदानंद सिंह ने कहा है कि जब अनंत सिंह जदयू से जुड़े हुए थे तब उन पर कोई एक्शन नहीं हुआ और जब वह उनके विरोध में खड़े हुए तो उन्हें सरकार फंसाने का काम कर रही है। हालांकि बाढ़ की सहायक पुलिस अधीक्षक व लेडी सिंघम के नाम से चर्चित लिपि सिंह को लेकर उन्होंने कहा कि वह ईमानदार हैं और अपने कार्य को अंजाम दे रही हैं। वहीं राजद के वरिष्ठ नेता शिवानंद तिवारी भी अनंत सिंह के साथ खड़े दिखे। जबकि जदयू नेताओं ने नीतीश कुमार के सी फैक्टर पर जोड़ दिया है। जिसमें हाल में स्वतंत्रता दिवस के दिन नीतीश कुमार ने कहा था कि सी फैक्टर से कोई समझौता नहीं किया जाएगा। वही भाजपा नेता एवं पथ निर्माण मंत्री नंदकिशोर यादव ने कहा कि नीतीश सरकार में कोई भी हो अपराधी को बख्शा नहीं जाएगा और इसका जीता जागता उदाहरण भी है।
बता दें कि लोकसभा चुनाव में एक ओर जहां जनता दल यूनाइटेड में नंबर दो की पोजीशन रखने वाले ललन सिंह मुंगेर लोकसभा से किस्मत आजमा रहे थे। वहीं दूसरी ओर बाहुबली विधायक अनंत सिंह की पत्नी नीलम देवी कांग्रेस के टिकट पर ताल ठोक रही थी। इन दो दिग्गजों का महायुद्ध कब सियासी अखाड़ा के बजाय कानूनी अखाड़ा में तब्दील हो जाएगा, किसी को इसके बारे में उम्मीद नहीं थी। हालांकि जेडीयू प्रवक्ता एवं वर्तमान में सूचना जनसंपर्क मंत्री नीरज कुमार ने कहा था कि आने वाले समय में अनंत सिंह का होम्योपैथिक इलाज किया जाएगा। हालांकि चुनाव का वक्त होने के कारण इसे लोगों ने बयानबाजी के तौर पर लिया था लेकिन आज यह बात शत प्रतिशत सही होती दिख रही है।
गौरतलब हो कि मोकामा के बाहुबली विधायक अनंत सिंह आइपीएस अधिकारियों व भारी पुलिस फौज को चकमा देकर फरार होने में कामयाब हो गए थे। शनिवार को आधी रात को लगभग तीन घंटे तक चले सघन सर्च ऑपरेशन के बाद भी पुलिस विधायक अनंत सिंह को गिरफ्तार नहीं कर सकी थी। अब जाकर बाहुबली विधायक आनंद सिंह ने फेसबुक के माध्यम से कहा है कि वह फरार नहीं हुए हैं। वह जल्द ही खुद को पटना पुलिस को सुपुर्द कर देंगे। दरअसल बाढ़ के लदमा स्थित विधायक के पैतृक आवास से एके 47 और हैंड ग्रेनेड मिलने के मामले में पटना पुलिस ने मोकामा के बाहुबली विधायक अनंत सिंह पर पूरी तौर पर शिकंजा कस दिया है। वहीं कोर्ट सोमवार को अनंत सिंह की गिरफ्तारी के लिए वारंट जारी कर सकती है, वैसे जिस धारा के तहत मामला दर्ज किया गया है, उक्त धारा के अंतर्गत पटना पुलिस अनंत सिंह को बिना वारंट के गिरफ्तार कर सकती है।
शनिवार की देर रात करीब एक बजे पटना सिटी एसपी विनय तिवारी और बाढ़ एएसपी लिपि सिंह के नेतृत्व में पुलिस टीम ने विधायक के 1, मॉल रोड स्थित सरकारी आवास पर दबिश दी। आवास पर अनंत सिंह तो नहीं मिले, लेकिन गोली कांड में वांछित लदमा के छोटन सिंह को पुलिस ने गिरफ्तार कर पूछताछ कर रही है। वहीं सरकारी आवास से एक तलवार व विधायक का सरकारी सेलफोन मिला है। पुलिस ने अनंत की पत्नी से भी पूछताछ की है और पटना पुलिस ने विधायक अनंत सिंह की पत्नी नीलम देवी पर वांछित अपराधी को पनाह देने के आरोप में सचिवालय थाना में मामला दर्ज किया है।
बता दें अनंत सिंह के खिलाफ आर्म्स एक्ट और यूएपीए (गैरकानूनी अधिनियम रोकथाम कानून) के तहत केस दर्ज किया गया है। उनके घर के केयरटेकर को गिरफ्तार कर लिया गया है। पुलिस ने विधायक अनंत सिंह और केयरटेकर सुनील राम सहित अन्य अज्ञात लोगों पर बाढ़ थाने में आइपीसी की धारा 414, आर्म्स एक्ट, यूएपीए की धारा 13 के अलावा विस्फोटक अधिनियम के तहत मामला दर्ज किया है। अनंत सिंह के पटना के लदमा गांव स्थित पैतृक आवास से शुक्रवार को एके 47, दो ग्रेनेड, 26 कारतूस और एक मैगजीन की बरामदगी हुई थी। एएसपी लिपि सिंह को केस की जांच सौंपी गई है। अनंत सिंह के घर से मिले ग्रेनेड को एटीएस की टीम ने निष्क्रिय कर दिया है। इधर, बरामद हथियार की जांच के लिए सेना के अधिकारी शनिवार को लदमा गांव पहुंचे। ग्रेनेड मिलने का बिहार में यह पहला मामला है। ग्रामीण एसपी कांतेश मिश्र ने बताया कि इस बात से इन्कार नहीं किया जा सकता कि अत्याधुनिक हथियार का इस्तेमाल किसी वारदात में नहीं किया गया होगा।
बहरहाल अब देखना यह है कि पटना पुलिस बाहुबली विधायक आनंद सिंह को कब तक गिरफ्तार कर पाती है बैलेस्टिक रिपोर्ट में जहां एके-47 से कई गोलियां दागने की जानकारी मिली है। वह कहीं न कहीं अनंत सिंह को कटघरे में खड़ा करती है।

You may have missed