विधानसभा चुनाव के वक्त भाजपा से निष्कासित हुए नेताओं की डेढ़ साल में ही घर वापसी, अब रामेश्वर चौरसिया और मनोज सिंह हुए शामिल
पटना। बिहार विधानसभा चुनाव के दौरान भाजपा निष्कासित किए जाने के बाद लोजपा में जाने वाले नेताओं की एक-एक कर घर वापसी हो रही है। चुनाव में ज्यादातर नेताओं ने जदयू को बड़ी चोट पहुंचाई थी। अब उन नेताओं की सम्मान के साथ घर वापसी कराई जा रही है।
बुधवार को पूर्व विधायक रामेश्वर चौरसिया और मनोज सिंह को फिर से भाजपा में शामिल कर लिया गया। प्रदेश कार्यालय में आयोजित मिलन समारोह में प्रदेश अध्यक्ष संजय जायसवाल ने इन दोनों नेताओं को पार्टी में शामिल कराया। अध्यक्ष ने कहा कि पार्टी की ओर से इनकी भूल को क्षमा कर दिया गया है।
बता दें रामेश्वर चौरसिया और मनोज सिंह से पहले राजेन्द्र सिंह और उषा विद्यार्थी की बीजेपी में घर वापसी हो चुकी है। इन सभी नेताओं को छह साल के लिए पार्टी से निष्कासित किया गया था लेकिन डेढ़ साल में ही वापसी हो रही है। बीजेपी नेतृत्व ने सबसे पहले राजेन्द्र सिंह की वापसी कराई थी।
गौरतलब है कि विधानसभा चुनाव के दौरान चिराग पासवान एनडीए से अलग होकर चुनाव लड़ने का ऐलान किया तो भाजपा से कई नेताओं ने किनारा किया और चिराग के साथ आ गए थे। चिराग ने केवल जदयू प्रत्याशियों के खिलाफ अपने प्रत्याशी उतारे थे। जहां-जहां से भाजपा लड़ रही थी, वहां से लोजपा ने प्रत्याशी नहीं दिया था। कई स्थानों पर तो लोजपा के कारण ही जदयू प्रत्याशी हारते हारते बचे भी थे।


