February 18, 2026

बोर्ड के बच्चों का 26 जनवरी तक वैक्सीनेशन नहीं होने पर स्वास्थ्य विभाग का बयान, 5 दिनों में पूरा होगा टारगेट

पटना। बिहार बोर्ड ने इंटर और मैट्रिक एग्जाम डेट जारी कर दी है। एक फरवरी से इंटर और 17 फरवरी से मैट्रिक का एग्जाम होना है। जब कोरोना काल में परीक्षा की बात आई तो सरकार ने आदेश जारी कर दिया कि 26 जनवरी तक बिहार बोर्ड के सभी स्टूडेंट्स को वैक्सीनेट कर दिया जाएगा। सरकार की मंशा को स्वास्थ्य विभाग पूरा नहीं कर पाया तो अब कुतर्क कर रहा है। 26 जनवरी तक टारगेट पूरा नहीं हुआ तो विभाग का कहना है कि उनके पास अब डेट नहीं है। उन्हें अब 5 दिनों के अंदर टारगेट पूरा करना पड़ रहा है।

जान लीजिए पहले सरकार का आदेश

बिहार बोर्ड के एग्जाम को लेकर सरकार ने 26 जनवरी तक वैक्सीनेशन का आदेश जारी किया था। देश में 3 जनवरी से 15 से 18 वर्ष के बीच वालों के लिए वैक्सीनेशन का शुभारंभ किया गया। राज्य में बोर्ड के एग्जाम को लेकर सरकार ने स्टूडेंट्स का 100% वैक्सीनेशन को लेकर आदेश जारी किया था। सरकार की मंशा 3 जनवरी से 26 जनवरी के बीच बोर्ड के स्टूडेंट्स का वैक्सीनेशन करने को लेकर थी। वैक्सीनेशन का टारगेट पूरा नहीं हो पाया है, अब विभाग इस आदेश को लेकर तर्क और कुतर्क कर रहा है।

यह है स्वास्थ्य विभाग का कुतर्क

बच्चों के वैक्सीनेशन का टारगेट पूरा नहीं होने पर राज्य स्वास्थ्य समिति के कार्यपालक निदेशक संजय कुमार सिंह का तर्क है कि जब हम टारगेट पर काम करते हैं तो अवरोध भी आते हैं। अब कहा जा रहा है कि स्कूल खुला नहीं है फिर भी समन्वय पर काम किया जा रहा है। बच्चों का वैक्सीनेशन बड़ा चैलेंज है और इस चैलेंज को पूरा करने के लिए हर स्तर पर काम किया जा रहा है। स्कूलों से सामंजस्य बनाया जा रहा है जिससे एग्जाम से पहले बच्चों को वैक्सीनेट कर दिया जाए। अधिकारियों का कहना है कि कोशिश है कि जैसे भी एग्जाम से पहले स्टूडेंट्स को वैक्सीन दे दी जाए। बच्चों को स्कूलों में बुलाया जा रहा है और डोर टू डोर वैक्सीनेशन में भी टारगेट पूरा करने को लेकर काम किया जा रहा है।

अब 5 दिन का बढ़ाया गया टारगेट

15 से 18 वर्ष तक के बच्चों का वैक्सीनेशन कम होने पर स्वास्थ्य विभाग अब नई रणनीति पर काम कर रहा है। अब डेट तो नहीं बताया जा रहा है लेकिन 5 दिन के अंदर वैक्सीनेशन पूरा कराने का आदेश दिया गया है। हर दिन समीक्षा होगी और वैक्सीनेशन को रफ्तार दिया जाएगा। स्वास्थ्य विभाग के अपर मुख्य सचिव प्रत्यय अमृत का कहना है कि राज्य में 15 से 18 वर्ष तक के बच्चों का वैक्सीनेशन काफी कम है। ऐसे में आवश्यक है कि इस श्रेणी के लाभार्थियों के टीकाकरण की रफ्तार में सुधार लाया जाए। इसके लिए समेकित बाल विकास योजना अन्तर्गत काम करने वाली आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं के सहयोग से एक सप्ताह के अन्दर घर 15 से 18 वर्ष के लाभार्थियों के वैक्सीनेशन का लक्ष्य पूरा करने को कहा गया है। इसके लिए सूची के अनुसार घर घर जाकर 15 से 18 वर्ष के टीकाकरण के लिए प्लान तैयार कर काम करना है।

You may have missed