February 20, 2026

PATNA : जमीन व्यवसाय के 42 लाख रुपए लेन-देन के चक्कर में लारा सेवा संस्थान के मालिक की हत्या की रची गई साजिश

* नंदकिशोर के जमीन व्यवसाय में पार्टनर रंजीत यादव ने दी थी हत्या की सुपारी
* रंजीत समेत 6 कुख्यात अपराधी गिरफ्तार
* चार पिस्टल, छह जिंदा कारतूस, दो बाइक समेत कई मोबाइल बरामद


फुलवारी शरीफ। पटना के बेउर थाना क्षेत्र अंतर्गत मैरिज हॉल संचालक राजद नेता लारा सेवा संस्थान के संचालक नंदकिशोर यादव उर्फ मुन्ना जी पर जानलेवा हमला कर हत्या की सुपारी उनके ही जमीन व्यवसाय में पार्टनर रहे परसा बाजार के रहने वाले रंजीत यादव ने दिया था। रंजीत यादव ने 42 लाख रुपए के लेनदन के चक्कर में पेशेवर अपराधियों को हत्या की सुपारी देकर वारदात को अंजाम दिलवाया था। पटना के सीनियर एसपी मानवजीत सिंह ढिल्लो ने नंदकिशोर की हत्या की साजिश रचने वाले उनके पार्टनर सह जमीन ब्रोकर परसा बाजार निवासी रंजीत यादव समेत 6 कुख्यात अपराधियों को हथियार समेत गिरफ्तार करने में कामयाबी हासिल की है। पटना पुलिस की विशेष टीम ने गिरफ्तार अपराधियों के पास से एक पिस्टल, तीन कट्टा, एक मैगजीन व 5 जिंदा कारतूस व दो मोटरसाइकिल समेत कई मोबाइल भी बरामद किया है। बता दें कि 7 जनवरी को सुबह करीब 8:30 बजे बेऊर मोड़ स्थित निदान हॉस्पिटल के समीप कुछ अज्ञात हथियारबंद अपराधियों द्वारा साई दरबार मैरेज हॉल बेकर एवं लारा सेवा संस्थान के मालिक नंदकिशोर यादव के स्विफ्ट डिजायर कार पर अंधाधुंध गोलीबारी की गयी थी, जिसमें वह बुरी तरह घायल हो गये। वह अभी भी अस्पताल में इलाजरत हैं।
पटना के एसएसपी ने प्रेस कॉन्फ्रेंस में बताया कि राजद नेता नंदकिशोर यादव उर्फ मुन्ना जी जमीन का व्यवसाय भी करते थे। जमीन व्यवसाय में उनका पार्टनर सह ब्रोकर परसा बाजार निवासी रंजीत यादव का 42 लाख रुपए बकाया था। रंजीत यादव ने गिरफ्तारी के बाद पुलिस टीम को बताया है कि 42 लाख रुपया एक बीघा जमीन के एवज में दिया गया था। नंदकिशोर उसका रुपए नहीं लौटा रहे थे और न ही जमीन के हिसाब-किताब ही कर रहे थे। इसी बात से नाराज होकर रंजीत ने नंदकशोर की हत्या की सुपारी पेशेवर अपराधियों को दिया। रंजीत ने सबसे पहले चंदन चौधरी से संपर्क किया। चंदन चौधरी बेउर जेल में अपने बंदी के दौरान रहे साथियों दो सहोदर भाई अमन और अतुल से संपर्क कर इस वारदात को अंजाम देने के लिए अपराधियों की एक टीम बनाई। एसएसपी मानवजीत सिंह ढिल्लो ने मामले का खुलासा करते हुए कहा कि घटना के तुरंत बाद नगर पुलिस अधीक्षक पश्चिमी पटना के नेतृत्व में एक विशेष टीम का गठन किया गया, जिसमें सहायक पुलिस अधीक्षक दानापुर, पुलिस उपाधीक्षक (परीवीक्ष्यमान) सह थानाध्यक्ष बेऊर एवं अन्य पुलिसकर्मियों को शामिल किया गया।
अनुसंधान के क्रम में इन पर जानलेवा हमले के कारणों की अत्यंत सूक्ष्मता से पड़ताल की गई तो पाया गया कि इनकी परसा बाजार थाना क्षेत्रान्तर्गत कुछ जमीन था, जिसमें एक ब्रोकर कुछ ज्यादा ही जुड़ा हुआ था। इस सूचना पर तत्काल उस ब्रोकर के संबंध में जानकारी हासिल की गई, साथ ही तकनीकि एवं वैज्ञानिक अनुसंधान भी जारी था। इसी क्रम में गोपनीय सूचना मिली कि एक पेशेवर अपराधी आनंद चौधरी को हाल ही में बेऊर क्षेत्र में आते-जाते देखा गया है और उसकी गतिविधियां सिपारा क्षेत्रों में रह रही है। तत्काल टीम द्वारा सूचनानुसार क्षेत्र की घेराबंदी की गई और संदिग्ध हुलिये के 5 अपराधियों को सिपारा पुल के पास से पकड़ा गया। तलाशी के क्रम में इनके पास से 4 देशी पिस्टल एवं 6 जिन्दा कारतूस बरामद हुआ। इन्होंने अपना नाम क्रमश: आनन्द चौधरी, बिट्टू पासवान, अतुल, अमन एवं दीपक चौधरी उर्फ चंदन कुमार बताया। पूछताछ के क्रम में इन्होंने खुलासा किया कि पकड़ाया बिटू पासवान, मच्छरदानी व्यवसायी हत्याकांड थाना- जक्कनपुर में अमन, स्वर्ण व्यवसायी अपहरण सह हत्याकांड, थाना-दानापुर एवं आनन्द चौधरी, सिक्का लूट प्रकरण नौबतपुर सहित कई जघन्य कांडों में संलिप्त रहे हैं व जेल गये हैं। बेऊर में हुये इस गोलीबारी कांड में भी इन्होंने अपनी संलिप्तता स्वीकार की है।
चंदन चौधरी ने बताया कि रंजीत उर्फ मास्टर जो कि जमीन का ब्रोकर है, उसके साथ जख्मी नंदकिशोर यादव का जमीन के क्रय-विक्रय के संबंध में मन-मुटाव चल रहा था। आनंद चौधरी को नन्दकिशोर यादव को ठिकाने लगाने का सुपाड़ी दिया गया था। जिस पर आनंद ने बिट्टू पासवान व दो अन्य शूटरों अमन व अतुल को लेकर घटना को अंजाम दिया। इसके एवज में आनंद चौधरी को अब तक चंदन से पौने दो लाख रुपए सुपाड़ी के मिल चुके हैं। इस खुलासे पर तत्काल रंजीत उर्फ मास्टर को भी परसा बाजार थानाक्षेत्र से गिरफ्तार किया गया। घटना में प्रयुक्त दोनों बाईक, घटना में पहने पोशाक एवं इस्तेमाल किये गये हथियार भी बरामद किये गये है। इनके अन्य अपराधिक इतिहासों को भी खंगाला जा रहा है एवं अंजाम दिये गये अन्य घटनाओं के संबंध में भी गहन पूछताछ जारी है।

You may have missed