December 9, 2025

समाज सुधार अभियान का 5वां दिन : CM नीतीश बोले- अब कॉल सेंटर में 190-200 कॉल आ रहे हैं प्रतिदिन

  • समस्तीपुर में समाज सुधार अभियान में शामिल हुए मुख्यमंत्री

पटना। बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार गुरूवार को समस्तीपुर में थे। यहां के पटेल मैदान में राज्य में पूर्ण नशामुक्ति, दहेज प्रथा उन्मूलन एवं बाल विवाह मुक्ति हेतु चलाए जा रहे समाज सुधार अभियान में शामिल हुए।
किस बुरे हाल से निकला है बिहार
आयोजित कार्यक्रम को संबोधित करते हुए सीएम नीतीश ने कहा कि आज 6 जीविका दीदियां ने अपने अनुभव को साझा किया उनको बधाई देता हूं। उन्होंने कहा कि किस बुरे हाल से निकलकर बिहार आज इतना आगे बढ़ा है। वर्ष 2016 में अभियान चलाने के दौरान हम 9 जगहों पर गए थे और इस बार अभियान में 12 जगहों पर जाएंगे, जिसका आज पांचवा दिन है। शराबबंदी के पक्ष में तथा दहेज प्रथा और बाल विवाह के खिलाफ अभियान चलाया जा रहा है।
समाज के हर तबके का किया उत्थान
मुख्यमंत्री ने कहा कि 24 नवंबर 2005 से आपलोगों ने काम करने का मौका दिया आपकी सेवा कर रहे हैं। पहले कि क्या हालत थी, शाम होते कोई घर से बाहर नहीं निकल पाता था। अब देर रात तक लोग कहीं भी आते-जाते हैं। लोगों में भरोसा बढ़ा है। समाज के हर तबके का उत्थान किया। स्वास्थ्य, शिक्षा के क्षेत्र में काम किया। महिलाओं की कितनी उपेक्षा होती थी। जब हमलोगों ने काम करना शुरू किया तो कहा कि महिलाएं भी अगर काम करेंगी तो परिवार की आमदनी बढ़ेगी। समाज में जो पीछे रह गये थे, समाज के उन तबकों के उत्थान के लिए हमलोगों ने विशेष ध्यान दिया।
महिलाओं के उत्थान के लिए हुए कई काम
मुख्यमंत्री ने कहा कि 21 जनवरी 2017 को शराबबंदी के पक्ष में मानव श्रृंखला बनी, जिसमें 4 करोड़ से ज्यादा लोगों ने हिस्सा लिया। बाल विवाह और दहेज प्रथा के खिलाफ 21 जनवरी 2018 को 13 हजार किमी से अधिक की अटूट मानव श्रृंखला बनी। शिक्षकों के नियोजन में महिलाओं के लिए हमने 50 प्रतिशत का आरक्षण दिया। उसके साथ-साथ महिलाओं के उत्थान के लिए हमलोगों ने कई काम किये। राज्य के सभी सेवाओं में 35 प्रतिशत और पुलिस सेवा में 37 प्रतिशत आरक्षण का प्रावधान महिलाओं के लिए किया है। आज बिहार में 25 हजार 102 महिलाएं पुलिस बल में कार्यरत हैं। इतना ज्यादा पुलिस बल में महिलाएं देश भर में कहीं नहीं हैं।


शराब नहीं पीने के लिए प्रेरित कीजिए
उन्होंने कहा, हम बहनों से आग्रह करेंगे कि जो शराब पीते हैं, गड़बड़ करता है उनके चारों तरफ खड़ा होकर जमकर नारा लगाईये और सूचना भी दीजिए। जहां बैठिए शराब नहीं पीने के लिए लोगों को प्रेरित कीजिए। शराब के दुष्परिणामों के जो आंकड़े दिए गए हैं, उस पर सबलोग गौर कीजिए और हमारा आपलोगों से आग्रह है कि इसके बारे में सभी को बताएं। समाज सुधार अभियान जारी रखना है, इसे घर-घर तक पहुंचाना है। जो बुकलेट दिया गया है उसे सब घर में पहुंचाना है। सभी लोग इस बुकलेट को अपने घर में रखें और लोगों को भी पढ़ाएं।
अभी तक 75,300 छापेमारी
उन्होंने कहा कि शराबबंदी के अच्छे परिणाम आ रहे हैं। अभी तक 75 हजार 300 छापेमारी की गई। शराबबंदी से संबंधित 11 हजार 370 मामले दर्ज किए गए। 13 हजार अभियुक्तों की गिरफ्तारी हुई। 1 लाख 89 हजार लीटर देसी शराब, 3 लाख 24 हजार लीटर विदेशी शराब जब्त की गई। शराब से जुड़े मामलों में 1 हजार 788 गाड़ियां जब्त की गई।
कोई गड़बड़ करे तो सूचित करें
हमलोगों ने कॉल सेंटर बनाया था कि कोई गड़बड़ करे तो सूचित करें आपका नाम नहीं बताया जाएगा और तत्काल कार्रवाई किया जाएगा। कॉल सेंटर में जहां औसतन 70-80 कॉल प्रतिदिन आते थे, अब बढ़कर 190 से 200 कॉल आ रहे हैं। महिलाओं के साथ-साथ पुरुषों में भी जागृति आनी चाहिए। नदियों में भी पेट्रोलिंग किया जा रहा है। रेलगाड़ियों में तलाशी अभियान चलाया जा रहा है। चेकपोस्ट पर वाहन चेकिंग अभियान 24 घंटे चलाया जा रहा है।


नीरा का उत्पादन करें
नीरा के उत्पाद का जो प्रदर्शनी दिखाया गया उसको देखकर मुझे प्रसन्नता हुई। ताड़ के पेड़ से ताड़ी नहीं निकालें बल्कि नीरा का उत्पादन करें, जो सेहत के लिए भी लाभदायक है। जो भी ताड़ के पेड़ से नीरा उत्पादन का काम करेगा उसको सतत जीविकोपार्जन योजना के तहत 1 लाख रुपए तक की मदद करेंगे और इस योजना के तहत व्यवसाय को शुरू करने के लिए सात माह तक 1-1 हजार रुपया भी दिया जाता है।
खुले में शौच नहीं करें
उन्होंने कहा कि शराबबंदी के पक्ष में तथा बाल विवाह और दहेज प्रथा के खिलाफ निरंतर अभियान चलाना चाहिए ताकि लोगों में जागृति आए। आगे कहा कि खुले में शौच के बजाए अपने घर में बने शौचालय में शौच कीजिए। अगर आप खुले में शौच नहीं करेंगे और साफ पानी पीएंगे तो 90 प्रतिशत बीमारियों से छूटकारा मिलेगा। इसके लिए भी अभियान चलाते रहना है ताकि घर-घर तक एक-एक बात पहुंच जाए।
इन्होंने किया संबोधित
कार्यक्रम को विधानसभा के उपाध्यक्ष महेश्वर हजारी, मंत्री विजय कुमार चौधरी, सुनील कुमार, श्रवण कुमार,सम्राट चौधरी, लेसी सिंह, रामप्रीत पासवान, जीवेश कुमार मिश्रा के अलावा मुख्य सचिव त्रिपुरारी शरण, डीजीपी एसके सिंघल, मद्य निषेध उत्पाद एवं निबंधन के अपर मुख्य सचिव केके पाठक ने भी संबोधित किया।


प्रदर्शनियों का अवलोकन
कार्यक्रम की शुरूआत से पहले मुख्यमंत्री ने चलंत स्टॉलों का, जिसमें नीरा उत्पादन, जीविका के कार्य आदि से संबंधित लगाए गए प्रदर्शनियों का अवलोकन किया। कार्यक्रम के दौरान मुख्यमंत्री को दरभंगा प्रमंडल के आयुक्त मनीष कुमार ने पौधा तथा श्रम संसाधन मंत्री जीवेश कुमार मिश्रा ने प्रतीक चिन्ह और अंगवस्त्र भेंटकर स्वागत किया। जीविका के मुख्य कार्यपालक पदाधिकारी बाला मुरुगन डी. ने जीविका दीदी द्वारा निर्मित स्मृति चिन्ह मुख्यमंत्री को भेंट किया। वहीं कार्यक्रम के दौरान जीविका दीदियों ने स्वागत गान गाया और कला जत्था के कलाकारों ने नशामुक्ति से संबंधित जागरुकता गीत को प्रस्तुत किया और मुख्यमंत्री ने दरभंगा जिले के सिंघवाड़ा प्रखंड में वंडर मातृत्व स्वास्थ्य की तर्ज पर नवजात शिशु कार्यक्रम का शुभारंभ जीविका दीदी को कीट भेंटकर किया।


जीविका दीदियों को डमी चेक प्रदान किया
सतत जीविकोपार्जन योजना के तहत 8.39 करोड़ रुपए की राशि मुख्यमंत्री ने जीविका की दीदियों को डमी चेक प्रदान कर किया। 11,475 स्वयं सहायता समूह को बैंकों द्वारा प्रदत 150.75 करोड़ राशि का डमी चेक मुख्यमंत्री ने प्रदान किया। जल-जीवन-हरियाली अभियान के तहत 38 जलाशयों के रखरखाव हेतु डमी चेक मुख्यमंत्री ने प्रदान किया। जीविका नीरा उत्पाद समूह हेतु 20 नीरा केंद्रों को नीरा संग्रह एवं बिक्री हेतु डमी चेक प्रदान किया। मुख्यमंत्री ने परित्यक्ता, तलाकशुदा स्वरोजगार सहायता योजना, मुख्यमंत्री अल्पसंख्यक ऋण योजना के लाभार्थियों को भी चेक प्रदान किया।
ये रहे मौजूद
इस अवसर पर मंत्री संजय कुमार झा, शीला कुमारी, मदन सहनी, सांसद रामनाथ ठाकुर, रामप्रीत मंडल, विधायक राजेश कुमार सिंह, विरेंद्र कुमार, मीना कुमारी, अमन भूषण हजारी, अजय चौधरी सहित अन्य जनप्रतिनिधि के अलावे मुख्यमंत्री के प्रधान सचिव दीपक कुमार, विकास आयुक्त आमिर सुबहानी, गृह विभाग के अपर मुख्य सचिव चैतन्य प्रसाद, प्रधान सचिव चंचल कुमार, अरविंद कुमार चौधरी, सचिव जितेंद्र श्रीवास्तव, अनुपम कुमार, दरभंगा प्रमंडल के आयुक्त मनीष कुमार, अपर पुलिस महानिदेशक सुरक्षा बच्चू सिंह मीणा, दरभंगा क्षेत्र के पुलिस महानिरीक्षक अजिताभ कुमार, मुख्यमंत्री के विशेष कार्य पदाधिकारी गोपाल सिंह, समस्तीपुर के डीएम शशांक शुभांकर, दरभंगा के डीएम त्याग राजन एसएम, मधुबनी के डीएम अमित कुमार, दरभंगा के एसएसपी बाबू राम, समस्तीपुर के एसपी मानवजीत सिंह ढिल्लो, मधुबनी के एसपी सत्य प्रकाश सहित अन्य व्यक्ति उपस्थित थे।

You may have missed