December 9, 2025

CM नीतीश सख्त निर्देश : खतरनाक एवं दलदल घाटों पर लोगों के आवागमन पर पूर्णत: पाबंदी हो

  • मुख्यमंत्री ने छठ महापर्व को लेकर पटना के गंगा तटों पर बने छठ घाटों का किया निरीक्षण

पटना। सोमवार को नहाय-खाय से शुरू हुए चार दिवसीय सूर्योपासना के महापर्व छठ पूजा के मद्देनजर मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने गंगा तटों पर बनाये गये छठ घाटों का निरीक्षण किया। उन्होंने स्टीमर के जरिये दानापुर के नासरीगंज गंगा घाट से पटना सिटी के कंगन घाट तक गंगा तटों पर छठ घाटों की तैयारियों का निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान मुख्यमंत्री ने घाटों की साफ-सफाई, स्वच्छता, पर्याप्त रौशनी की व्यवस्था, खतरनाक घाटों की घेराबंदी, गंगा नदी के पानी की गहराई एवं बहाव को ध्यान में रखते हुए बैरिकेडिंग, माइकिंग की सुविधा, व्रतियों के रात्रि विश्राम हेतु शेड, छठ घाटों तक पहुंच पथ, चेंजिंग रूम, वॉच टावर एवं छठ व्रतियों की सुविधा और सुरक्षा के संबंध में अधिकारियों से पूरी जानकारी ली। उन्होंने छठ घाटों का मुआयना करने के क्रम में अधिकारियों को कई आवश्यक निर्देश दिये ताकि छठ व्रतियों को किसी प्रकार की असुविधा न हो।
मुख्यमंत्री ने निरीक्षण के क्रम में अधिकारियों को निर्देश देते हुये कहा कि छठ घाटों तक व्रतियों के पहुंचने की सुविधा एवं सुरक्षा का पुख्ता प्रबंध रखें। खतरनाक एवं दलदल घाटों पर लोगों के आवागमन पर पूर्णत: पाबंदी हो। छठ पूजा के दौरान गंगा घाटों पर वॉच टावर से सतत निगरानी रखी जाए। गंगा के जलस्तर को देखते हुए घाटों की घेराबंदी सुनिश्चित करें। छठ व्रतियों एवं उनके परिजनों की सुविधा के लिये घाटों पर पर्याप्त संख्या में नियंत्रण कक्ष की व्यवस्था हो।


छठ घाटों के निरीक्षण के पश्चात पत्रकारों से बातचीत करते हुए सीएम नीतीश ने कहा कि छठव्रतियों की सुविधा के लिए छठ घाटों का निर्माण कराया जा रहा था। आज हम तीसरी बार आकर देखे हैं। आज लगभग सभी काम पूरा हो गया है। जिन जगहों पर घाट बना है, वहां छठव्रतियों की सहूलियत को ध्यान में रखते हुए पूरी तैयारी की गयी है। जिन गंगा तटों पर छठ घाट नहीं बन सकता है, उसके बारे में लोगों को सतर्क कर दिया जाएगा। इस बार काफी अच्छी संख्या में गंगा तटों पर छठ घाटों का निर्माण कराया गया है और लोगों की सुरक्षा एवं सुविधा का पुख्ता प्रबंध किया गया है। छठ घाटों की तैयारियों को देखकर संतोष हुआ है। छठ घाटों के निर्माण में जुटे लोगों ने काफी मेहनत किया है। शेष जो भी कुछ काम बचा है, उसे तत्काल पूरा कर लिया जायेगा। खतरनाक घाटों की घेराबंदी की गयी है। एहतियात के तौर पर जो भी किया जाना था, किया गया है, जिसे देखकर काफी संतुष्टि हुई है।
इस अवसर पर उप मुख्यमंत्री तारकिशोर प्रसाद, मंत्री विजय कुमार चौधरी, मंगल पांडेय, विधायक नंदकिशोर यादव, पटना नगर निगम की महापौर सीता साहू, मुख्यमंत्री के प्रधान सचिव दीपक कुमार, मुख्य सचिव त्रिपुरारी शरण, डीजीपी एसके सिंघल, अपर मुख्य सचिव गृह चैतन्य प्रसाद, पथ निर्माण के अपर मुख्य सचिव प्रत्यय अमृत, मुख्यमंत्री के प्रधान सचिव चंचल कुमार, नगर विकास एवं आवास के प्रधान सचिव आनंद किशोर, जल संसाधन के सचिव संजीव हंस, लोक स्वास्थ्य अभियंत्रण के सचिव जितेन्द्र श्रीवास्तव, पटना के प्रमंडलीय आयुक्त संजय कुमार अग्रवाल, बिहार राज्य पुल निर्माण निगम लिमिटेड के अध्यक्ष पंकज कुमार पाल, मुख्यमंत्री के सचिव अनुपम कुमार, डीएम चन्द्रशेखर सिंह, एसएसपी उपेन्द्र शर्मा, मुख्यमंत्री के विशेष कार्य पदाधिकारी गोपाल सिंह सहित पटना नगर निगम, बुडको एवं बिहार राज्य जल पर्षद के वरीय पदाधिकारी समेत अन्य पदाधिकारी उपस्थित थे।

You may have missed