February 18, 2026

छठ महापर्व सोमवार से आरंभ : गंगा नदी में रहेगी चौकसी, अस्पताल भी अलर्ट, 1500 कर्मचारियों और अधिकारियों की तैनाती

पटना। चार दिवसीय लोक आस्था का महापर्व की शुरूआत सोमवार से नहाय खाय के साथ आरंभ हो रही है। रविवार को डीएम चंद्रशेखर सिंह और एसएसपी उपेन्द्र शर्मा ने छठ पर्व को लेकर कर्मचारियों और अधिकारियों को उनके दायित्व के बारे में जानकारी दी। डीएम ने अधिकारियों को पूरी जवाबदेही से संवेदनशील होकर निर्धारित दायित्व का निष्पादन का निर्देश दिया है।

नदी में गश्ती के लिए 18 मजिस्ट्रेट की तैनाती
डीएम ने घाटों पर सुरक्षा, साफ सफाई, बिजली, पेयजल आदि की व्यवस्था के लिए डेढ़ हजार कर्मचारियों और अधिकारियों की तैनाती की है। इसमें काफी संख्या में दंडाधिकारी, पुलिस पदाधिकारी, पुलिस बल की तैनाती की गई है। संबंधित अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश दिए गए हैं। छठ महापर्व पर गंगा नदी में चौकसी बरतने के साथ ही अस्पतालों को भी अलर्ट किया गया है। नदी में गश्ती के लिए 18 मजिस्ट्रेट और इतनी संख्या में ही पुलिस पदाधिकारी की तैनाती की गई है। इसके अलावा 54 पुलिस बल भी तैनात रहेंगे। 10 नवंबर को छठ के दिन गंगा नदी में तैनात अफसरों को अलर्ट कर दिया गया है। इनके साथ चार वाटर एंबुलेंस भी रहेगी जबकि सुरक्षा बलों की नावों पर गोताखोर भी रहेंगे।
छठ पर्व के दौरान स्वास्थ्य विभाग, आपदा प्रबंधन, बिजली विभाग, पीएचईडी विभाग, भवन निर्माण विभाग, पुलिस विभाग, नगर निगम एवं जिला प्रशासन के अधिकारियों को आपसी समन्वय एवं सहयोग से व्रतियों एवं श्रद्धालु भक्तों की सुविधा एवं सुरक्षा को देखते हुए प्रभावी कार्य करने का निर्देश दिया गया है। छठ घाट को 21 सेक्टर में विभाजित किया गया है तथा प्रत्येक सेक्टर में एक वरीय मजिस्ट्रेट की तैनाती की गई है।
ये हैं सेक्टर
अस्थायी चेंजिंग रूम की संख्या 319, यात्री शेड 9, नियंत्रण कक्ष की संख्या 226, वॉच टावर की संख्या 131, अस्थायी शौचालय की संख्या 161, अस्थायी यूरिनल की संख्या 265, पेयजल टैंकर 23, कुल पूजा समिति 105, मेडिकल टीम की संख्या 91, एंबुलेंस की संख्या 28, स्थैतिक चिकित्सा दल 5 तथा उनके साथ संबद्ध एंबुलेंस की संख्या 5, एनडीआरएफ टीम की संख्या 8, एनडीआरएफ वाटर एंबुलेंस 4, एसडीआरएफ की संख्या 4, नाव 285, नाविक 285, छठ हेतु उपयोगी घाटों की संख्या 96, प्रतिनियुक्त दंडाधिकारी 587, पुलिस पदाधिकारी 316, पुलिस फोर्स 1700
जरूरत पड़ने पर इन नंबरों पर फोन करें
जिला नियंत्रण कक्ष: 0612-2219810/2219234
पुलिस नियंत्रण कक्ष: 100, 9470001389
पटना सिटी नियंत्रण कक्ष: 0612-2631813
चौबीस घंटे खुले रहेंगे अस्पताल
डीएम ने सभी सरकारी अस्पतालों को चौबीस घंटे खुला रखने का निर्देश दिया है। डीएम ने सिविल सर्जन और अस्पतालों के अधीक्षकों से कहा है कि छठ महापर्व पर सुरक्षा को देखते हुए अपने यहां इमरजेंसी में बेड सुरक्षित रखने को कहा गया है। उन्होंने सिविल सर्जन को मेडिकल टीम, एंबुलेंस की तैनाती करने तथा उनकी उपलब्धता सुनिश्चित कराने का निर्देश दिया गया है। साथ ही एनएमसीएच, पीएमसीएच, गुरु गोविंद सिंह अस्पताल, इंदिरा गांधी हृदय रोग संस्थान, इंदिरा गांधी आयुर्विज्ञान संस्थान तथा कुर्जी अस्पताल के अलावा अन्य प्रमुख अस्पतालों में आपातकालीन चिकित्सा सुविधा 24 घंटे उपलब्ध रखने एवं इनके आॅपरेशन थिएटर भी 24 घंटे खुले रखने को कहा है। वहीं घाटों पर आतिशबाजी नहीं करने, नदी में निजी नावों का परिचालन बंद करने तथा रिवर पेट्रोलिंग करने का सख्त निर्देश दिया गया है। इसके अतिरिक्त घाटों पर पेयजल शौचालय, बिजली आपूर्ति, फायर ब्रिगेड आदि से संबंधित अधिकारियों को भी सक्रिय एवं तत्पर रहने का निर्देश दिया गया है।
बाढ़ में गंगा घाटों का डीएम ने किया निरीक्षण, दिए निर्देश

इधर, पटना के बाढ़ अनुमंडल में छठ महापर्व को लेकर पटना डीएम चंद्रशेखर प्रसाद रविवार को बख्तियारपुर पहुंचे। उन्होंने कई गंगा घाटों का निरीक्षण करते हुए सीढी गंगा घाट पहुंचे। इस दौरान घाट पर फैली गंदगी और व्यवस्था को लेकर अधिकारियों को निर्देश भी दिया। मौके पर अनुमंडल पदाधिकारी, प्रखंड विकास पदाधिकारी, अंचल पदाधिकारी समेत कई स्थानीय नेता भी मौजूद थे। छठ व्रतियों को घाट पर किसी भी तरह की असुविधा ना हो। इसको लेकर घाट पर बैरिकेडिंग, समुचित लाइटिंग एवं रास्ता को बेहतर व्यवस्था करने का निर्देश दिया।

You may have missed