PATNA : दीघा में विवाहित महिला की संदेहास्पद स्थिति में मौत, पति गिरफ्तार, सास-ससुर फरार
पटना। राजधानी पटना के दीघा थाना क्षेत्र के न्यू नयका कॉलोनी में एक विवाहित महिला की संदेहास्पद स्थिति में शनिवार को मौत हो गई है। उसकी हत्या का आरोप पति समेत ससुराल वालों पर लगा है। इस मामले में त्वरित कार्रवाई करते हुए पुलिस ने पति को गिरफ्तार कर लिया है। मृतका का नाम शालू बताया जाता है।
मिली जानकारी के अनुसार, शालू का मायका बिहार के पश्चिमी चंपारण जिला में है। 15 जून 2019 में भागेश्वर कुमार ने अपनी बेटी शालू की शादी मूल रूप से छपरा के रहने वाले नवीन कुमार से की थी। नवीन अपने परिवार के साथ पटना में रहकर एक प्राइवेट कंपनी में जॉब करता है। मृतका के पिता के अनुसार, शनिवार सुबह 11 बजे शालू से फोन पर बात किए तो उसने कुछ बातें बताई। उस वक्त बेटी से मिलने की बात हुई थी। उसे कहा था जरूरत पड़ेगी तो साथ में घर ले आएंगे। जब एक घंटे बाद वापस कॉल किया तो बेटी का मोबाइल फोन बंद मिला। उसके बाद उससे कोई बात नहीं हुई। आनन-फानन में जब पटना पहुंचे तो बेटी के घर के बाहर गेट पर ताला लटका मिला। पड़ोसियों से जब इसके बारे में पता किया तो बताया गया कि बेटी बीमार पड़ गई है। सभी लोग उसे लेकर कुर्जी हॉस्पिटल गए हैं। जैसे वहां पहुंचा तो बेटी की लाश को लेकर दामाद, उसकी मां वहां से निकल रहे थे। उस वक्त भी उन लोगों ने गाली-गलौज की। पिता का गंभीर आरोप है कि उनकी बेटी की गला दबाकर हत्या की गई है। पिता का आरोप है कि शादी के बाद से ही उनकी बेटी को दहेज के लिए प्रताड़ित किया जाता था। उनकी बेटी के साथ ससुराल वाले अक्सर मारपीट करते थे।
इस मामले में पिता के बयान पर दीघा थाना की पुलिस ने दहेज के लिए हत्या का मामला दर्ज किया है। पति, देवर, सास और ससुर को इस केस में नामजद किया गया है। पति को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। नवीन और शालू की एक छोटी बेटी है। जिसे लेकर सास, ससुर और देवर फरार हो गए हैं। घर पर ताला लगा है।
इधर, थानेदार राजेश कुमार ने बताया कि केस की जांच चल रही ही है। शालू की मौत किस तरह से हुई? असलियत पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट के आने के बाद ही सामने आ पाएगा।


