February 11, 2026

तारापुर विस से JDU उम्मीदवार राजीव कुमार सिंह ने किया नामांकन, ललन सिंह बोले- सीएम नीतीश ने राजद के अपहरण उद्योग को विकास उद्योग में बदला

पटना। तारापुर विधानसभा उप-चुनाव में एनडीए समर्थित जदयू उम्मीदवार राजीव कुमार सिंह ने मंगलवार को अपना नामांकन दाखिल कर दिया। इस मौके पर जदयू के राष्ट्रीय अध्यक्ष सह सांसद राजीव रंजन सिंह उर्फ ललन सिंह समेत एनडीए के सभी घटक दलों के नेता मौजूद रहे।
बिहार का तेज गति से विकास हो रहा
इस अवसर पर आयोजित जनसभा को संबोधित करते हुए ललन सिंह ने तारापुर के दिवंगत विधायक मेवालाल चौधरी को याद करते हुए क्षेत्र के विकास में उनके योगदान की सराहना की। इस मौके पर उन्होंने बिहार सरकार द्वारा किए जा रहे विकास कार्याे की चर्चा की और कहा कि मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने जब से बिहार में सत्ता की बागडोर संभाली, तब से बिहार का तेज गति से विकास हो रहा है। बिजली, स्वास्थ्य, सड़क समेत हर क्षेत्र में विकास के बेहतर काम हुए।
दिलाया लालू-राबड़ी के शासनकाल का याद
इस दौरान उन्होंने राजद पर निशाना साधते हुए कहा कि लालू-राबड़ी के शासनकाल में बिहार की क्या स्थिति थी हर कोई जानता है। बिहार में आतंक का राज चलता था, पति-पत्नी की सरकार में अपहरण का उद्योग चल रहा था। हर दो दिन पर किसी न किसी का अपहरण हो जाता था। लेकिन आज बिहार में विकास का उद्योग चल रहा है।
नीतीश कुमार के हाथों को मजबूत करने का आह्वान
उन्होंने कहा कि आप लोगों का आशीर्वाद मिलने के बाद सीएम नीतीश ने राज्य में कानून का राज स्थापित किया। श्री कुमार ने पिछले 16 सालों में बिहार में क्या किया, यह लोगों को बताने की जरूरत नहीं है। 2005 के पहले राज्य में सड़कों की हालत कितनी दयनीय थी। पहले बिजली की क्या स्थिति थी लेकिन आज गांव-गांव जगमग है। पहले अस्पतालों में एक महीने में मात्र 39 लोगों का इलाज होता था लेकिन स्वास्थ्य के क्षेत्र में सुधार का ही नतीजा है कि आज एक महीने में लगभग 10 हजार लोगों का इलाज हो रहा है। पहले शाम होने के बाद कोई अपने घर से नहीं निकलता था लेकिन आज लोग निर्भीक होकर कहीं भी आते जाते हैं। उन्होंने लोगों से नीतीश कुमार के हाथों को मजबूत करने का आह्वान किया और एनडीए उम्मीदवार के पक्ष में वोट करने की अपील की।
ये रहे मौजूद
इस अवसर पर जदयू संसदीय बोर्ड के अध्यक्ष उपेंद्र कुशवाहा, मंत्री मंगल पांडे, सम्राट चौधरी, अशोक चौधरी, सुमन मांझी, चदंन सिंह, संतोष सहनी, सुमित कुमार सिंह, जयंत राज, जमा खान, सांसद गिरधारी यादव, विधान पार्षद संजय सिंह, नीरज कुमार, सुदर्शन कुमार, पूर्व मंत्री शैलेश कुमार एवं पूर्व विधान पार्षद संजय प्रसाद उपस्थित थे।

You may have missed