PATNA : चितकोहरा पुल के नीचे अतिक्रमण हटाने गई निगम की टीम पर हमला, पुलिस ने भीड़ को खदेड़ा, लोगों ने कहा- उन्हें लालू यादव ने 1994 में रहने के लिए दी थी जगह

file photo

पटना। चितकोहरा पुल के नीचे स्वास्थ्य मंत्री मंगल पांडेय के सरकारी आवास के सामन अवैध रूप से झोपड़ी बना कर रहने वालों को हटाने पहुंची नगर निगम की टीम पर पथराव किया गया। इस पथराव में दो पुलिस कर्मी घायल हो गए। वहीं अतिक्रमण हटाने वाली टीम और उनके साथ सहयोग कर रही पुलिस बल मौके से भाग खड़े हुए। बाद में दंडाधिकारी के साथ आए वज्र वाहन की टीम ने बल प्रयोग कर सभी को खदेड़ दिया। इसके बाद वहां से अतिक्रमण हटाया गया। मौके पर हवाई अड्डा और सचिवालय थाना पुलिस भी पहुंची।
पथराव में दो पुलिस कर्मी घायल
चितकोहरा पुल के नीचे लंबे समय से अवैध झोपड़ियों में लोग बसे हुए थे। नगर निगम की टीम अतिक्रमण हटाने के लिए बुधवार को पहुंची। जेसीबी से जैसे ही कारवाई शुरू की गई वहां बसे लोगों ने विरोध करना शुरू कर दिया। बड़ी संख्या में महिलाएं, पुरुष और बच्चे सामने आकर अतिक्रमण हटाने वाली टीम पर पथराव करने लगे। इस दौरान पथराव में दो पुलिस कर्मी घायल हो गए। एक एएसआइ की आंख के नीचे पत्थर लग गई। दोनों को इलाज के लिए अस्पताल भेजा गया। इतनी बड़ी संख्या में मौजूद लोगों के हमले के आगे बेबस हो पूरी टीम पीछे हट गई। इसकी सूचना जिला नियंत्रण कक्ष को दी गई। कुछ देर बाद दंडाधिकारी वज्र वाहन और फायर ब्रिगेड के साथ मौके पर पहुंचे और हंगामा कर रहे लोगों को जवानों ने खदेड़ दिया। मौके पर हवाई अड्डा एवं सचिवालय थाना पुलिस भी पहुंची। इसके बाद कई जेसीबी, ट्रैक्टर, तीन वज्र एवं अग्निशाम वाहन एवं भारी पुलिस बल को वहां लगाया गया। लोगों का कहना था कि उन्हें तत्कालीन मुख्यमंंत्री लालू यादव ने 1994 में यह जगह उनलोगों को रहने के लिए दी थी।

You may have missed