नालंदा : ऑटो में तेज आवाज में गाना बजाने पर दो पक्षों में पथराव व फायरिंग, रिटायर्ड सीआरपीएफ जवान गोली लगने से घायल

नालंदा । नूरसराय थाना क्षेत्र के पावापट्टी गांव में ऑटो खड़ा कर तेज आवाज में गाना बजाने पर विवाद हो गया। इसके बाद दो गुटों के बीच जमकर पथराव व फायरिंग हुई। इसमें एक रिटायर्ड सीआरपीएफ जवान घायल हो गए। घायल का नाम चंद्रसेन पासवान है। उन्हें परिजन पटना ले गए। उनके पेट में गोली लगी है।

ग्रामीणों ने बताया कि ऑटो लगाने को लेकर चंद्रसेन पासवान व विलास पासवान के बीच विवाद हुआ था। ग्रामीणों का कहना है कि पावापट्टी गांव में निर्धारित स्थल पर देर रात तक कई लोग ऑटो खड़ा रखते हैं। ऑटो में तेज आवाज में गाना चल रहा था। इससे आसपास के लोग परेशान हो रहे थे।
इसी का विरोध रिटायर्ड सीआरपीएफ जवान ने किया। उसके बाद विवाद और बढ़ गया। देखते ही देखते दोनों तरफ से ईंट-पत्थर चले। इसी बीच बदमाशों ने फायरिंग कर दी, जिसमें एक गोली रिटायर्ड जवान के पेट में लग गई। उसके बाद हड़कंप मच गया।
घायल को गंभीर अवस्था में परिजन पटना ले गए। थानाध्यक्ष ने बताया कि घायल के बयान के बाद ही मामला स्पष्ट हो पाएगा। आरोपी की गिरफ्तारी के लिए छापेमारी की जा रही है।