कोरोना के बढ़ते संक्रमण को देख राजगीर का नेचर सफारी बंद, इस साल हुआ था उद्घाटन

नालंदा। कोरोना के बढ़ते संक्रमण को देखते हुए नालंदा के राजगीर स्थित नेचर सफारी को बंद कर दिया गया है। नेचर सफारी का उद्घाटन इसी साल हुआ था व फिलहाल यह पर्यटकों के आकर्षण का केंद्र बना हुआ था।

आपको बता दें कि नेचर सफारी नालंदा व गया के बीच जेठियन जाने वाले मार्ग में है। इसकी राजगीर शहर से दूरी लगभग 10 किलोमीटर है। सोन भंडार व जरासंध अखाड़ा से लगभग 8 किलोमीटर है। अधिकांश भू-भाग सोनागिरी व वैभारगिरि के बीच में है।
नालंदा में 500 हेक्टेयर में फैले नेचर सफारी के निर्माण में लगभग 20 करोड़ रुपये खर्च किया गया था। इसका निर्माण कार्य वर्ष 2017 में शुरू हुआ था। बीते साल 19 दिसंबर को मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने नेचर सफारी व ग्लास स्काई वॉक ब्रिज का मुआयना किया था। उस समय सुरक्षा का विशेष ध्यान रखते हुए शेष कार्य पूरे करने का निर्देश दिया था। होली से पहले 26 मार्च को सीएम नीतीश कुमार ने नेचर सफारी का लोकार्पण किया। लेकिन अब कोरोना के हालत को देखते हुए इसे बंद करा दिया गया है।

You may have missed