December 5, 2025

पटना सिटी में अपराधियों ने ठेकेदार को मारी गोली, हालत गंभीर, पुलिसिया छानबीन जारी

पटना सिटी। अपराधियों ने पटना पुलिस को खुली चुनौती देते हुए पटना सिटी में मकान बनाने का ठेका लेने वाले एक ठेकेदार को गोली मार दी है। वारदात बीते मंगलवार की शाम करीब 4 बजे की बतायी जाती है। जिस ठेकेदार को गोली मारी गई है, उसका नाम भास्कर दुबे उर्फ टुन्ना है। उसे एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहां उसकी हालत गंभीर बनी हुई है। घायल 20 वर्षीय भास्कर दुबे वारदात स्थल के पास के ही मौरी गली इलाके का रहने वाला है।
बताया जाता है कि भास्कर कहीं जाने के लिए अपने घर से निकला था। जैसे ही मच्छरहट्टा मोड़ के पास पहुंचा, उसके नजदीक एक बाइक पर सवार तीन अपराधी आए। इनमें से एक अपराधी ने अपने पास से पिस्टल निकाली और सीधे भास्कर दुबे के सीने में मार दिया। जिससे वह गोली लगते ही सड़क पर गिर गया। जबकि सभी अपराधी बाइक से फरार होने में सफल रहे। गोली की आवाज सुनते ही वारदात स्थल के पास अफरा-तफरी मच गई। लोग भागते हुए मौके पर पहुंचे और घायल भास्कर को पास के ही एक प्राइवेट हॉस्पिटल में ले जाया गया। वहां उसकी हालत गंभीर बनी हुई है। घटना की जानकारी मिलते ही खाजेकला थाना की पुलिस मौके पर पहुंच मामले की जांच चल कर रही है।
इधर, सिटी एसपी, ईस्ट जितेंद्र कुमार के अनुसार गोली मारने वाले अपराधियों की पहचान अभी नहीं हो सकी है। जहां तक वारदात की वजह की बात है तो आपसी विवाद की बात सामने आई है। विवाद किस चीज को लेकर और किसके साथ चल रहा है, इस बारे में पता किया जा रहा है।

You may have missed