विधान परिषद : विपक्ष के सदस्यों के गैरहाजिर में बिहार विशेष सशस्त्र पुलिस विधेयक 2021 पारित, सीएम नीतीश भड़के
पटना। विधान परिषद में बजट सत्र के अंतिम दिन बुधवार को विपक्ष के सभी सदस्यों के गैरहाजिर में बिहार विशेष सशस्त्र पुलिस विधेयक 2021 पारित हो गया। यह विधेयक मंगलवार को विधानसभा से पास हो चुका है। इससे पहले परिषद में पक्ष और विपक्ष के विधायकों के बीच हाथापाई तक की नौबत आ गई। जदयू के विधान पार्षद संजय सिंह वेल में पहुंच गए। इस दौरान विपक्ष के सदस्यों से तीखी नोकझोंक हुई। बिहार विशेष सशस्त्र पुलिस विधेयक की कॉपी फाड़ते हुए विपक्ष के सदस्य सदन से वॉकआउट कर गए।
विपक्ष की अनुपस्थिति में ही विधान परिषद में विधेयक पारित
विपक्षी सदस्यों के वॉकआउट के बाद भी विधान परिषद की कार्यवाही चलती रही। बिहार विशेष सशस्त्र पुलिस विधेयक को पेश किया गया। विपक्ष की अनुपस्थिति में ही विधान परिषद में विधेयक पारित हो गया। पहली पाली की कार्यवाही के दौरान भी विपक्ष के सदस्यों ने जोरदार हंगामा किया। राजद के एमएलसी चूड़े लेकर सदन के अंदर पहुंच गए। उन्होंने चूड़ी दिखाते हुए विरोध किया। हंगामा बढ़ता देख विधान परिषद की कार्यवाही 2:30 बजे तक के लिए स्थगित कर दी गई। इसके बाद विपक्ष के एमएलसी वेल में पहुंच कर धरने पर बैठ गए।
सीएम नीतीश कुमार भड़के
दूसरी पाली की कार्यवाही के दौरान विपक्ष के सदस्यों पर सीएम नीतीश कुमार भड़क गए। उन्होंने कहा कि मालूम नहीं है कि क्या कर रहे हो आप लोग, खुद को बर्बाद कर रहे हो। आप समझ लीजिए। विधानसभा में आसन के साथ क्या किया गया। इस दौरान एनडीए के तमाम सदस्य बैठे रहे। आपकी संख्या ही क्या है।
विधान परिषद की कार्यवाही अनिश्चितकाल के लिए स्थगित
विधानपरिषद की कार्यवाही अनिश्चितकाल के लिए स्थगित कर दी गई है। विपक्ष की अनुपस्थिति में 7 विधेयक पास कराए गए। विधान परिषद के 197वां सत्र में 22 बैठकें आयोजित हुई, जिसमें 1,187 प्रश्नों की सूचनाएं प्राप्त हुई। इनमें से 1,112 को स्वीकृति प्रदान की गई। कुल 488 प्रश्न उत्तर उत्तरित हुए। ध्यानाकर्षण के कुल 179 सूचनाएं प्राप्त हुई, जिसमें 107 ध्यानाकर्षण सूचनाओं को स्वीकृत कर लिया गया।
क्या बोले रामचंद्र पूर्वे
विधान परिषद के बाहर विपक्षी दलों के विधान पार्षदों ने जमकर नारेबाजी की। कांग्रेस के एमएलसी प्रेमचंद्र मिश्रा ने नीतीश कुमार शर्म करो, नीतीश कुमार रिजाइन करो जैसे नारे लगाए। वहीं, मौजूद राजद एमएलसी रामचंद्र पूर्वे ने कहा कि विधानमंडल की अपनी व्यवस्था है। यहां सुरक्षा की अपनी व्यवस्था है, मार्शल भी है। विधानमंडल में बाहर से किसी पुलिस बल का इस्तेमाल करना गलत है। 26-27 सालों के अनुभव में कभी नहीं देखा कि किसी विधायक को इस तरह से पीटा गया है।
अंतिम दिन पारित हुआ 7 विधेयक
बिहार विशेष सशस्त्र पुलिस विधेयक 2021
बिहार राजकोषीय उत्तरदायित्व एवं बजट प्रबंधन (संशोधन) विधेयक 2021
बिहार राज्य उच्चतर शिक्षा परिषद विधेयक ( संशोधन) विधेयक 2021
बिहार राज्य विश्वविद्यालय (संशोधन) विधेयक 2021
पटना विश्वविद्यालय (संशोधन) विधेयक 2021
बिहार राज्य विश्वविद्यालय सेवा आयोग (संशोधन) विधेयक 2021
बिहार पंचायत राज (संशोधन) विधेयक 2021


