December 5, 2025

बजट सत्र का 16वां दिन : डिप्टी सीएम विधानसभा अध्यक्ष पर भड़के, कहा- आप विपक्ष के नेता को दे रहे संरक्षण, सर्वदलीय बैठक में उठा मंत्री रामसूरत राय का मामला

पटना। बिहार विधानमंडल के बजट सत्र का सोमवार को 16वां दिन था। विधानसभा की कार्यवाही शुरू होते ही विपक्ष के विधायकों ने सुपौल में एक ही परिवार के 5 लोगों की मौत के मामले पर जमकर हंगामा किया। विधायकों ने कहा कि आर्थिक तंगी से पूरा परिवार जूझ रहा था। उधर, कार्यवाही शुरू होने से पहले विधानसभा अध्यक्ष विजय सिन्हा के चैंबर में सर्वदलीय बैठक बुलाई गई। सभी दलों के सदस्यों के बीच आम सहमति बनाने की कोशिश की गई है, जिससे सदन की कार्यवाही की किसी तरह का व्यवधान नहीं हो। प्रदेश में अवैध शराब की बिक्री रोकने को लेकर सदन में हो रहे हंगामे पर चर्चा हुई। साथ ही मंत्री रामसूरत राय का भी मामला उठा। भाकपा(माले) के विधायक महबूब आलम ने कहा कि सर्वदलीय बैठक पूरी तरह से फेल है। इस बैठक का कोई नतीज नहीं निकला है। सरकार शराबबंदी पर बहस नहीं करना चाहती है। अपने मंत्री रामसूरत राय को बचाना चाह रही है।
डिप्टी सीएम विधानसभा अध्यक्ष पर भड़के
विधानसभा में पहली पाली की कार्यवाही के दौरान डिप्टी सीएम तारकिशोर प्रसाद विधानसभा अध्यक्ष विजय सिन्हा पर भड़क गए। उन्होंने कहा कि आप विपक्ष के नेता को संरक्षण दे रहे हैं। मंत्रियों का अपमान बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। तेजस्वी यादव के सवाल के जवाब के दौरान अध्यक्ष ने मंत्री प्रमोद कुमार को फटकार लगा दी। विधानसभा अध्यक्ष ने कहा कि जवाब में फैक्ट दें, यदि कोई संशय हो तो दोषी अधिकारियों को सजा दें। जांच कराइए। दरअसल, नेता प्रतिपक्ष तेजस्वी यादव ने सदन में पूछा कि बिहटा सहित अन्य बंद पड़े चीनी मिलों की संपत्तियों को सरकार ने कम कम दामों पर कैसे बेच दिया। जवाब में मंत्री प्रमोद कुमार ने कहा कि बंद पड़े चीनी मिल स्क्रैप की एसबीआई बैंक के द्वारा नीलामी की गई है। इस जवाब से तेजस्वी संतुष्ट नहीं नजर आए। इसके बाद सदन में कहा कि कैसे लोगों को मंत्री बना दिया गया है। इसके बाद भाजपा के विधायक खड़े हो गए और हंगामा करने लगे।
आरोपों पर विधानसभा अध्यक्ष का जवाब
तारकिशोर प्रसाद ने तेजस्वी पर आरोप लगाते हुए कहा कि गलत परंपरा की उन्होंने शुरूआत की है। विपक्षी सदस्य मंत्रियों के बारे में गलत टिप्पणी नहीं कर सकते हैं। उन्होंने कहा कि सदन में एक व्यक्ति को संरक्षण दी जा रही है। वहीं नंदकिशोर यादव ने कहा कि तेजस्वी ने सदन का अपमान किया है। मंत्री कैसे बन गए, यह सवाल कैसे पूछ सकते हैं। उनको माफी मांगनी होगी। उर्जा मंत्री विजेंद्र यादव ने कहा कि विधानसभा अध्यक्ष की अनुमति हो तो बोलूं, आप मंत्रियों को ही बोलने के दौरान बैठा देते हैं। यह दुर्भाग्यपूर्ण है। सत्ता पक्ष के मंत्रियों की ओर से आरोप लगने के बाद विधानसभा अध्यक्ष विजय सिन्हा ने कहा कि सदन नियमवाली से चलेगी। सत्ता पक्ष हो या विपक्ष, इस बात को अच्छी तरह से समझ लें। नियम से ही चलेगा सदन।
बाढ़ को जिला बनाने की मांग
भाजपा विधायक ज्ञानेंद्र सिंह ज्ञानू ने बाढ़ को जिला बनाने का मामला उठाया। जवाब में उर्जा मंत्री विजेंद्र यादव ने कहा कि फिलहाल सरकार के पास कोई विचार नहीं है कि बाढ़ को जिला बनाया जाए। उद्योग मंत्री शाहनावाज हुसैन ने कहा कि कोल्ड स्टोरेज के लिए प्रोत्साहन नीति बनी हुई है। कई कंपनियों ने बिहार में एथनॉल बनाने के लिए आवेदन दिया है। फूड प्रोसेसिंग को लेकर भी काम चल रहा है, बिहपुर और एनएच-31 के बगल में उद्योग सिटी बनाई जाएगी। उन्होंने यह भी कहा कि हमारी सरकार हर जिले में उद्योग लगाने के लिए गंभीर है। देश का बिहार पहला राज्य होगा जहां एथेनॉल को लेकर पॉलिसी बनेगी।

You may have missed