बिहार विधानसभा सत्र : RJD MLC ने की केक की मांग तो पूर्वे ने मांगा रिटर्न गिफ्ट, CM ने करायी मिठाई की व्यवस्था
पटना। बिहार विधानमंडल के बजट सत्र के 7वें दिन की मंगलवार को कार्यवाही के दौरान सीएम नीतीश कुमार विधानसभा और विधान परिषद पहुंचे तो सभी सदस्यों ने मेज थपथपाकर उनका स्वागत किया। विधानसभा में आते ही विधानसभा अध्यक्ष विजय सिन्हा ने सदन को सूचित किया कि सदन के नेता नीतीश कुमार का आज जन्मदिन है। इसके बाद सत्ता पक्ष और विपक्ष के सदस्यों ने उन्हें बधाई दी। महागठबंधन की ओर से भाई बीरेंद्र ने बधाई दी तो सीएम नीतीश ने खड़े होकर सभी को प्रणाम किया। उसके बाद विधानसभा की दूसरी पाली में कृषि बजट पर चर्चा हुई। वहीं, विधान परिषद् में अनुपूरक बजट पर बारी-बारी से विधान पार्षदों ने अपनी बातें रखी।


सदन में जोर का ठहाका
विधान परिषद में आज अलग ही नजारा दिखा। जब एक के बाद एक सदस्य सदन में सीएम नीतीश को जन्मदिन की शुभकामनाएं दे रहे थे। इसी बीच राजद के एमएलसी सुनील कुमार ने केक की मांग की तो रामचंद्र पूर्वे ने रिटर्न गिफ्ट की। जिसके बाद सदन में जोर का ठहाका लगा। इसके जवाब में विजय चौधरी ने मुख्यमंत्री की ओर से कहा कि सीएम गिफ्ट के तौर पर टीका ले रहे हैं, आप लोग भी रिटर्न गिफ्ट में टीका लगवा लीजिए। उसके बाद विधान परिषद में सभापति ने सदस्यों को जानकारी दी कि मुख्यमंत्री की ओर से सभी सदस्यों के लिए मिठाई की व्यवस्था की गई है। कई एमएलसी के हाथों में मिठाई का पैकेट भी दिखा।

माले और राजद विधायकों का हंगामा
बजट सत्र की कार्यवाही के पहले विधानसभा परिसर में माले विधायकों ने जमकर हंगामा किया। रोजगार के मुद्दे को लेकर सरकार के खिलाफ नारेबाजी की। उन्होंने कहा कि सरकार को 19 लाख रोजगारों के बारे में बताना चाहिए। राजद विधायकों ने भी पोस्टर लेकर विधानसभा गेट के पास किसानों के मुद्दे को लेकर सरकार के खिलाफ हंगामा किया। राजद विधायकों ने कहा कि सरकार किसानों के साथ अच्छा नहीं कर रही है। किसानों की स्थिति दयनीय होती जा रही है, लेकिन सरकार को किसी तरह का फर्क नहीं पड़ रहा है। विधायक भाई बीरेंद्र ने कहा कि आंदोलनरत किसानों की मांगे जायज है। किसानों के समर्थन में विपक्ष केंंद्र-राज्य सरकार को सदन के अंदर और बाहर घेरने का काम करेगी।

पोस्टर लेकर पहुंची कांग्रेस विधायक
वहीं विधानसभा परिसर में कांग्रेस विधायक प्रतिमा कुमारी ने सीतामढ़ी में शराब माफिया की गोली से शहीद दरोगा दिनेश राम का पोस्टर लेकर पहुंची। उन्होंने दरोगा के परिजनों को 1 करोड़ मुआवजा, साथ ही शहीद दरोगा की हत्या मामले की जांच सीबीआई से कराने की मांग की। कांग्रेस विधायक ने कहा कि नीतीश सरकार में अपराधी बेलगाम हो गए हैं, शराब के कारोबारी पुलिस को गोली मार रहे हैं। आरोपी कोई भी हो उसे सजा मिलनी चाहिए।

