September 13, 2026

BIHAR : BSP के एकलौते MLA जदयू में शामिल, निर्दलीय MLA सुमित ने भी दिया समर्थन, दोनों के मंत्री बनने की चर्चा तेज

पटना। बिहार विधानसभा चुनाव में कैमूर के चैनपुर से बसपा के एकमात्र विधायक जमां खान ने खाता खोल पार्टी की लाज बचाई थी, लेकिन अब वे भी सत्ताधारी दल जदयू में शामिल होकर बसपा सुप्रीमो मायावती को झटका दे दिया है। शुक्रवार को बसपा विधायक जमां खान जदयू में शामिल हो गए। जदयू में शामिल होने के बाद उन्होंने मुख्यमंत्री आवास जाकर मुख्यमंत्री नीतीश कुमार से भेंट की। इस दौरान जल संसाधन मंत्री विजय कुमार चौधरी व शिक्षा मंत्री अशोक चौधरी भी मौजूद थे। उन्होंने इस बाबत लिखित रूप से जदयू के अध्यक्ष को पत्र लिखकर अपनी इच्छा बतायी थी। वहीं निर्दलीय विधायक सुमित सिंह ने भी लिखित रूप से जदयू के समर्थन का पत्र दिया है। बता दें जमां खान के जदयू में शामिल होने के बाद विधानसभा में जदयू विधायकों की संख्या 43 से बढ़कर 44 हो गयी है। वहीं जमां खान के जदयू में शामिल होने और सुमित सिंह के समर्थन के पत्र के बाद यह तय माना जा रहा कि निकट भविष्य में नीतीश कुमार के मंत्रिमंडल विस्तार में इन दोनों को जगह मिलेगी। जदयू के पास फिलहाल कोई मुस्लिम विधायक नहीं है। इसलिए यह तय है कि अल्पसंख्यक कोटे से जमां खान को मंत्री बनाया जाएगा। वहीं सुमित सिंह को भी मंत्री बनाए जाने की चर्चा तेज हो गयी है।
जमां खान बोले, नीतीश कुमार की कार्यशैली हमेशा पसंद करते रहे
जमां खान के चुनाव जीतने के बाद से ही जदयू में शामिल होने की चर्चा थी। उन्होंने जदयू के प्रदेश अध्यक्ष बशिष्ठ नारायण सिंह से भेंट भी की थी। नीतीश कुमार के विकास कार्यों की तारीफ भी की थी। शुक्रवार को उन्होंने कहा कि सत्ताधारी दल में शामिल होकर आप आम जनता की समस्याओं का निदान सहजता से करा सकते हैैं। नीतीश कुमार की कार्यशैली को वह आरंभ से ही पसंद करते रहे हैैं।
सुमित बोले, शुरू से ही नीतीश कुमार की कार्यशैली के प्रशंसक रहे
वहीं बिहार चुनाव में एकमात्र निर्दलीय जितने वाले पूर्व मंत्री नरेंद्र सिंह के पुत्र सुमित सिंह रहे। जमुई के चकाई से जीते सुमित सिंह ने भी जदयू को समर्थन देने का पत्र पार्टी को दिया है। उन्होंने प्रेस कांफ्रेंस कर इसकी जानकारी दी। सुमित ने कहा कि वह शुरू से ही नीतीश कुमार की कार्यशैली के प्रशंसक रहे हैं।

You may have missed