February 16, 2026

PATNA : अब त्रिपुरा में भी होगा जदयू का विस्तार, सुब्रत सेन बने त्रिपुरा के संयोजक

पटना। त्रिपुरा जदयू के प्रतिनिधिमंडल ने गुरूवार को पटना में जदयू के राष्ट्रीय अध्यक्ष आरसीपी सिंह से मुलाकात की। सुब्रत सेन के नेतृत्व में आए इस प्रतिनिधिमंडल में जावेद मियां, राजीव दास समेत कई नेता शामिल थे। इस दौरान राष्ट्रीय सचिव रवीन्द्र सिंह एवं संजय वर्मा मौजूद रहे। श्री सिंह ने त्रिपुरा में पार्टी के विस्तार हेतु प्रतिनिधिमंडल के नेता श्री सेन को आज ही वहां का संयोजक मनोनीत किया और राष्ट्रीय सचिव रवीन्द्र सिंह एवं संजय वर्मा ने उन्हें इस आशय का पत्र सौंपा।
प्रतिनिधिमंडल से बात करते हुए आरसीपी सिंह ने कहा कि जदयू देश की एकमात्र पार्टी है जो गांधी, जेपी, लोहिया, अंबेडकर और कर्पूरी के सपनों को मूर्त रूप दे रही है। उन्होंने कहा कि नीतीश कुमार ने इन्हीं महापुरुषों के विचारों और आदर्शों पर चलकर नए बिहार का निर्माण किया है। न्याय के साथ विकास की अवधारणा पर चलकर उन्होंने बिहार में सभी वर्गों, समुदायों और क्षेत्रों का एक समान विकास संभव किया है। हमें त्रिपुरा में भी इसी संकल्प के साथ लोगों के बीच जाना है और वहां पार्टी का विस्तार करना है। श्री सिंह ने आज फोन पर भी त्रिपुरा में जदयू के कई नेताओं से बात की।

You may have missed