February 16, 2026

PATNA : जहरीला पदार्थ खाकर थाना पहुंची युवती, पुलिस परेशान

पटना। गर्दनीबाग थाना पर बुधवार की सुबह लड़खड़ाती हुई एक युवती पहुंची। पहुंचते ही दारोगा से बोली, मैं एक लड़के से प्रेम करती हूं जिसका घर वाले विरोध कर रहे हैं। इस कारण से मैने जहरीला पदार्थ खा लिया है। यह सुनकर दारोगा के होश उड़ गए। थाने का स्टाफ भी चौंक गया। आनन-फानन में वे लोग उसे लेकर अस्पताल भागे। युवती दानापुर की रहने वाली है।
गर्दनीबाग थाना पर मामला सामने आने के बाद पुलिस ने तत्काल महिला थाना को फोन किया। महिला थाना की पुलिस भी आनन फानन में पहुंच गई। जब तक महिला थाना की पुलिस गर्दनीबाग थाने पहुंचती तब तक उसे गर्दनीबाग अस्पताल पहुंचा दिया गया था। डॉक्टरों ने जहरीला पदार्थ खाने का कोई लक्षण उसके अंदर नहीं पाया। इसके बाद उसे पीएमसीएच रेफर कर दिया गया। युवती को लेकर महिला थाना की पुलिस पीएमसीएच पहुंची। वहां डॉक्टरों से जांच कराई गई। इसके बाद भी कोई लक्षण नहीं मिला। पीएमसीएच में सर्जिकल से लेकर टाटा वार्ड की इमरजेंसी में पुलिस भागती रही। महिला थाना की प्रभारी आरती जायसवाल ने बताया कि वह किसी लड़के से प्रेम करती है और घर वाले उसका विरोध कर रहे हैं। युवती अपने घर वालों के कारण जहरीली दवा खाने की बात कह रही है। गर्दनीबाग और महिला थाने की पुलिस काफी छानबीन में जुटी रही लेकिन वह जो नंबर दे रही है उसपर किसी से बात नहीं हो रही है। युवती के कारण पुलिस पूरे दिन परेशान हुई है। युवती अभी महिला थाने की कस्टडी में है। पुलिस का कहना है कि लड़की मानसिक रूप से ठीक लग रही है।

You may have missed