February 17, 2026

बिहार के दोनों उपमुख्यमंत्री पहुंचे दिल्ली, भाजपा के शीर्ष नेता बिहार में नई सरकार के कामकाज पर लेंगे फीडबैक!

पटना। बिहार की नई एनडीए सरकार में भाजपा के दोनों उपमुख्यमंत्री तारकिशोर प्रसाद एवं रेणु देवी दो दिवसीय दौरे पर दिल्ली गए हैं। दोनों नेताओं के उपमुख्यमंत्री बनने के बाद पहली दिल्ली दौरा है। विधानसभा चुनाव में बड़ी जीत के बाद भाजपा ने पहली बार दोनों नेताओं पर विश्वास जताते हुए बड़ी जिम्मेदारी सौंपी है। दोनों उपमुख्यमंत्री पिछड़े और अति पिछड़े समाज से आते हैं।
बुधवार को दोनों उपमुख्यमंत्री ने राष्ट्रपति रामनाथ कोविंद से शिष्टाचार मुलाकात की। वहीं उनकी मुलाकात केंद्रीय कपड़ा मंत्री स्मृति ईरानी से भी हुई। दो दिवसीय दौरे पर दिल्ली गए दोनों उपमुख्यमंत्री प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, गृह मंत्री अमित शाह और केंद्रीय मंत्री वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण से मिलेंगे। पीएम मोदी से उनकी मुलाकात गुरुवार को होगी। वहीं तारकिशोर प्रसाद और रेणु देवी का भाजपा के राष्ट्रीय संगठन महामंत्री बीएल संतोष, बिहार प्रभारी भूपेंद्र यादव के अलावा पार्टी के राष्ट्रीय पदाधिकारियों से मिलने का कार्यक्रम तय है। माना जा रहा है कि बीजेपी के शीर्ष नेता बिहार में नई सरकार के कामकाज पर उनसे फीडबैक लेंगे, साथ ही पार्टी और सरकार की आगे की रणनीति और योजनाओं को लेकर टास्क भी देंगे।
तारकिशोर प्रसाद ने कहा कि पीएम मोदी ने बिहार के विकास का सपना देखा है, उसे पूरा करने के लिए बात करेंगे। उन्होंने कहा कि बिहार को डबल इंजन सरकार का लाभ मिलेगा। सरकार पूरे पांच साल चलेगी। वहीं उपमुख्यमंत्री रेणु देवी ने कहा कि वे दिल्ली से बिहार के लिए कुछ लेकर ही वापस जाएंगे।

You may have missed