February 16, 2026

पटनावासियों को जाम से मिलेगी मुक्ति, इन जगहों पर बनेगा फुट ओवरब्रिज

पटना। पटना शहर के लोगों को जाम के झाम से मुक्ति दिलाने के लिए सरकारी स्तर पर कवायद तेज हो गई है। राजधानी में नासूर बन चुके जाम से आए दिन जाम से कराह रहे पटनावासी को जल्द राहत मिलने वाली है। भीड़भाड़ वाले इलाके में सड़क पार करने में हो रही कठिनाई को दूर करने के लिए चार जगहों पर फुट ओवरब्रिज के निर्माण की प्रक्रिया शुरू कर दी गयी है। बिहार राज्य पथ विकास निगम ने टेंडर निकाला है।
इसमें राजेंद्र नगर टर्मिनल के समीप और जगदेव पथ-रूकनपुरा के बीच निर्माण के लिए एजेंसी को काम सौंप दिया गया है। वहीं मौर्या लोक के समीप सिन्हा लाइब्रेरी रोड के सामने व गांधी मैदान में संत जेवियर स्कूल के पास फुट ओवरब्रिज निर्माण के लिए री-टेंडर निकाला गया है।
मिली जानकारी के अनुसार पथ विकास निगम की ओर से गांधी मैदान व मौर्या लोक के समीप फुट ओवरब्रिज निर्माण के लिए पहले 29 सितंबर तक टेंडर भरने का समय था। लेकिन चुनाव के कारण मामला अटक गया, साथ ही टेंडर में कोई एजेंसी शामिल नहीं हुई। अब दुबारा री-टेंडर निकाला गया है। मौर्या लोक के समीप बनने वाले फुट ओवरब्रिज निर्माण पर 1़ 42 करोड़ व संत जेवियर के पास निर्माण पर 1़ 49 करोड़ खर्च होगा।
मेरठ की एजेंसी को काम अवार्ड : जगदेव पथ-रूकनपुरा के बीच व राजेंद्र नगर टर्मिनल के समीप फुट ओवरब्रिज निर्माण के लिए मेरठ की एजेंसी को काम अवार्ड हो गया है। जगदेव पथ के समीप ब्रिज में सीढ़ी के साथ लिफ्ट भी लगेगा।

You may have missed