February 16, 2026

BIHAR : पूर्णिया के जिला कृषि पदाधिकारी को निगरानी ने 1.5 लाख रुपया रिश्वत लेते रंगेहाथ दबोचा

पूर्णिया। निगरानी अन्वेषण ब्यूरो की टीम ने एक बड़ी कार्रवाई करते हुए बिहार के पूर्णिया जिला कृषि पदाधिकारी को घूस लेते रंगेहाथ दबोचा है। पटना से पूर्णिया पहुंची निगरानी की टीम ने जिला कृषि पदाधिकारी के खुसकीबाग स्थित कार्यालय में ही छापेमारी कर जिला कृषि पदाधिकारी शंकर झा डेढ़ लाख रुपए रिश्वत लेते हुए रंगे हाथ पकड़ा है। अचानक हुए इस कार्रवाई से कार्यालय में हड़कंप मच गया। शंकर झा के खिलाफ खाद-बीज व्यवसायी आलोक चौधरी उर्फ बमबम ने निगरानी मुख्यालय में एक शिकायत दर्ज कराई थी, जिसमें जिला कृषि पदाधिकारी पर खाद-बीज दुकान का लाइसेंस वापस बहाल करने के लिए 1.5 लाख रुपए घूस मांगने का आरोप लगाया था।
इसके बाद मुख्यालय के आदेश पर जिला कृषि पदाधिकारी पर लगे आरोपों की जांच और पूरे मामले की पड़ताल के लिए एक स्पेशल टीम बनाई गई। टीम को लीड करने की जिम्मेवारी डीएसपी विमलेंदु कुमार को सौंपी गई, जिसके बाद मंगलवार को टीम पूर्णिया पहुंच कर जिला कृषि पदाधिकारी के कार्यालय में पूरा जाल बिछाया। इसके बाद जैसे ही शिकायत करने वाला व्यवसायी रुपए लेकर वहां पहुंचा और शंकर झा ने उसे लिया, वैसे ही निगरानी मौके पर पहुंच गई और जिला कृषि पदाधिकारी के खेल पर यही विराम लग गया।
निगरानी के डीएसपी विमलेंदु कुमार वर्मा के अनुसार, जिला कृषि पदाधिकारी शंकर झा को निगरानी की टीम ने डेढ़ लाख रुपया रिश्वत लेते हुए रंगे हाथ गिरफ्तार किया है। शंकर झा ने खाद-बीच व्यवसायी आलोक चौधरी उर्फ बमबम के खाद-बीज दुकान का लाइसेंस 6 माह पहले रद्द कर दिया था। वापस लाइसेंस बहाल करने के एवज में उससे 1.5 लाख रुपए घूस मांगी थी। बमबम चौधरी ने इस मामले की शिकायत निगरानी में की थी, जिसके बाद यह कार्रवाई की गई।

You may have missed