PATNA : शराब की पैकिंग करते दो गिरफ्तार, भारी मात्रा में देशी व विदेशी शराब जब्त
फतुहा। मंगलवार दोपहर पटना पुलिस ने फतुहा थाना क्षेत्र के मकसुदपुर गांव स्थित एक तीन मंजिला मकान से देशी शराब का निर्माण तथा पैकिंग करते दो लोगों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने उक्त घर से शराब निर्माण से जुड़े पांच गैस सिलेंडर, पैकिंग की प्लास्टिक, रबर तथा भारी मात्रा में देशी व विदेशी शराब बरामद किया है। पुलिस ने घर के एक कमरे में रखे 170 लीटर देशी शराब तथा 29 लीटर अलग-अलग ब्रांड के विदेशी शराब बरामद किया है। विदेशी शराब में रायल चैलेंजर्स, रायल ग्रीन, रायल स्टेज, इम्पीरियल ब्लू कंपनी के अलग-थलग मात्रा में शराब शामिल है। वहीं देशी शराब भी बोरे व अलग-थलग बर्तन में छिपाकर रखे गए थे। जब्त दोनों शराब की अनुमानित कीमत करीब चालीस हजार रुपए बताया जाता है। पुलिस ने यह कार्रवाई गुप्त सूचना के आधार पर की है। पकड़े गए धंधेबाजों में मकसुदपुर गांव निवासी सोमर साव तथा उसका भांजा इंदल कुमार गुप्ता है। पुलिस के मुताबिक, पकड़े गए मामा-भांजा छापेमारी के समय घर के छत पर देशी शराब की पैकिंग कर रहे थे।


