PATNA : 154वीं जयंती पर याद किए गए स्वतंत्रता सेनानी मौलाना मजहरूल हक
पटना। बिहार कांग्रेस कमिटी के पूर्व अध्यक्ष व स्वतंत्रता संग्राम सेनानी मौलाना मजहरूल हक की 154वीं जयंती मंगलवार को प्रदेश कांग्रेस कमिटी के मुख्यालय सदाकत आश्रम में मनाई गई। समारोह की अध्यक्षता कांग्रेस के मीडिया विभाग के अध्यक्ष एचके वर्मा ने की। इस अवसर पर मौलाना मजहरूल हक के व्यक्तित्व पर प्रकाश डालते हुए कहा कि मौलाना मजहरूल हक सर्वप्रथम 1906 में प्रदेश कांग्रेस के उपाध्यक्ष बने। 6 फरवरी 1921 में महात्मा गांधी ने मौलाना मजहरूल हक द्वारा दी गई जमीन पर बिहार विद्यापीठ की स्थापना की। श्री वर्मा ने कहा कि आज कृतज्ञ राष्ट्र मौलाना मजहरूल हक के स्वतंत्रता आंदोलन में उनके योगदान को स्मरण कर उनकी स्मृति को नमन करता है।
सर्वप्रथम मौलाना मजहरूल हक के चित्र पर माल्यार्पण किया गया। इस अवसर पर प्रवक्ता राजेश राठौड़, पूर्व विधायक ऋषि मिश्रा, अरविंद लाल रजक, डॉक्टर कमल देव नारायण शुक्ला, उदय शंकर पटेल, ताहिर अनीश खान, शशिकांत तिवारी, मृणाल आनामय, संतोष सिंह आदि नेताओं ने उनके चित्र पर माल्यार्पण किया।


