February 16, 2026

PATNA : गांधी सेतु के नीचे अवैध कब्जा पर चला निगम का बुलडोजर, मचा हड़कंप

पटना सिटी। पटना नगर निगम के अजीमाबाद अंचल अंतर्गत महात्मा गांधी सेतु के नीचे सोमवार को अतिक्रमण हटाओ अभियान चलाया गया। गायघाट से लेकर एनएमसीएच मार्ग तक भारी सुरक्षा बलों की तैनाती के साथ चले अभियान के दौरान सेतु के नीचे दर्जनभर झोपड़ियों को ध्वस्त कर दिया गया। सड़क किनारे रखकर बेचे जा रहे बांस को जब्त किया गया। जबकि कई कच्चे-पक्के निर्माण को जेसीबी से ढाह दिया गया। इस दौरान निगम ने अतिक्रमणकारियों से 10 हजार 8 सौ रुपया जुर्माना भी वसूला।
अतिक्रमण हटाओ अभियान के दौरान अजीमाबाद व पटना सिटी अंचल के कार्यपालक पदाधिकारी राकेश कुमार सिंह, कंकड़बाग अंचल के कार्यपालक पदाधिकारी सुशील मिश्रा, राजस्व पदाधिकारी मोहम्मद रिजवान अहमद अंसारी दंडाधिकारी व अन्य मौजूद थे। कार्यपालक पदाधिकारी ने बताया कि गांधी सेतु के नीचे अवैध रूप से बनी झोपड़ियों को ध्वस्त किया गया। गैराज, चाय पानी के होटल, पुराने वाहनों की चलंत दुकान, बांस-बल्ला बेचने वालों के खिलाफ कार्रवाई की गई है। उन्होंने बताया कि अभियान लगातार जारी रहेगा। अतिक्रमण हटाए जाने के कारण अतिक्रमणकारियों के बीच हड़कंप मचा रहा।

You may have missed