September 12, 2026

जगदानंद सिंह ने कहा-सीएम फर्जी, एक्सटेंशन में सीएस,डीजीपी प्रभार में,भगवान भरोसे सरकार

पटना।राजद के प्रदेश अध्यक्ष जगदानंद सिंह ने प्रदेश की नीतीश सरकार पर बड़ा हमला बोला है।प्रदेश राजद अध्यक्ष जगदानंद सिंह ने कहा कि बिहार सरकार भगवान भरोसे चल रही है। प्रदेश में मुख्य सचिव का पद एक्सटेंशन के भरोसे चल रहा है। डीजीपी का पद प्रभार पर है,वहीं बिहार के मुख्यमंत्री पूरी तरह से फर्जी हैं।राजद के प्रदेश अध्यक्ष ने कहा कि भगवान भरोसे चल रही यह सरकार जनता का भला कैसे कर पाएगी। नीतीश सरकार पर निशाना साधते हुए जगदानंद सिंह ने कहा कि क्या प्रदेश में कोई ऐसा अधिकारी नहीं है जिसे मुख्य सचिव का पद सौंपा जाए। उन्होंने कहा कि सरकार रिटायर्ड अधिकारी को सेवा विस्तार देकर मुख्य सचिव के पद पर बरकरार रखी हुई है।वहीं उन्होंने कहा कि प्रदेश में अपराध अपने उच्चतम स्तर पर पहुंच गया है।आम जनता कराह रही है।मगर फिर भी बिहार की नीतीश सरकार डीजीपी के पद पर स्थायी नियुक्ति नहीं कर रही है।उन्होंने कहा कि डीजीपी का पद अभी भी प्रभार पर चल रहा है।मुख्यमंत्री नीतीश कुमार पर निशाना साधते हुए उन्होंने कहा कि उनके मंत्रिमंडल के एक मंत्री 5-5 विभाग का कार्यभार संभाले हुए हैं।नीतीश कुमार स्वयं फर्जी मुख्यमंत्री हैं।सरकार गिर जाने के डर से वे मंत्रिमंडल का विस्तार नहीं कर रहे हैं। उनमें ताकत है तो मंत्रिमंडल का विस्तार करें।राजद के प्रदेश अध्यक्ष ने मुख्यमंत्री नीतीश कुमार से कहा है कि मुख्य सचिव तथा डीजीपी के पद पर सक्षम अधिकारियों की नियुक्ति की जाए।जगदानंद सिंह के द्वारा दिए गए बयान के बाद बिहार का राजनीतिक तापमान बढ़ गया है।गौरतलब है कि प्रदेश में बढ़ते अपराध को लेकर न सिर्फ राजद-कांग्रेस ही नही बल्कि भाजपा के नेता भी नीतीश सरकार पर निशाना साध रहे हैं।

You may have missed