फतुहा में चोरों का आतंक : चार घरों को बनाया निशाना, लेकिन दो घरों से ही उड़ा पाए लाखों रूपये
फतुहा। इन दिनों पटना के फतुहा शहर में चोरों का आतंक परवान पर है। लोग डरे व सहमे हैं। कब किसके घर में चोर घुसकर चोरी कर ले, कहना मुश्किल है। शुक्रवार की रात्रि बाइपास रोड स्थित गोविंदपुर-सैदपुर जाने वाली मार्ग में चोरों ने चार घरों को अपना निशाना बनाकर पुलिस की सुरक्षा व्यवस्था की पोल खोल कर रख दिया। हालांकि चोर दो घरों से ही लाखों की नकदी, जेवरात व कपड़े ले जाने में सफल रहे। बाकी दो घरों का जब तक निशाना बनाते तब तक घर वाले नींद से जाग गए और उन्हें वहां से भागना पड़ा।


चोरों ने पहला निशाना ओमप्रकाश पंडित के घर को बनाते हुए करीब 70 हजार रुपये की जेवरात व पीतल के बर्तन, तीस हजार रुपये के कपड़े तथा बारह हजार रुपये की एक एलसीडी टीवी उड़ा ले गये। इसके बाद चोरों ने इस घर से सटे ही विनोद पंडित के घर को खंगाल डाला। चोरों ने विनोद पंडित के घर से लकड़ी के बक्से में रखे 90 हजार रुपये तथा खूंटी में टंगे पैट के पाकेट से 7 हजार रुपये चोरी कर ली। विनोद पंडित के घर से चोरी की अन्य सामग्री को बगल के घर के छत के सहारे ले जाने का प्रयास कर ही रहे थे कि आसपास के घरों के लोग नींद से जाग गए और उन्हें बचे खुचे सामानों को छत पर ही छोड़कर भागना पड़ा। दोनों घर मालिकों को चोरी की घटना की जानकारी जाग होने पर ही पता चली। दोनों पीड़ित घर मालिक ने अलग-अलग थाने में अज्ञात चोरों के खिलाफ शिकायत दर्ज करायी है। सूचना के बाद डीएसपी राजेश कुमार मांझी खुद पीड़ित लोगों के घर पहुंच घटना की छानबीन की।
विदित हो कि तीन दिन पहले ही इसी मुहल्ले से चोरों ने एक सब्जी दुकान से आलू, प्याज व प्लाईवुड के फैंसी दरवाजे तथा एक घर से दो मोबाइल फोन व दस हजार रुपये नकद चोरी कर ली थी। लगातार हो रहे चोरी की वारदात से अब मुहल्लेवासी रतजगा करने को मजबूर हो रहे हैं।

