CM केजरीवाल के आह्वान पर बिहार के कार्यकर्ता 8 दिसंबर को भारत बंद का करेंगे समर्थन
पटना। आम आदमी पार्टी बिहार के प्रदेश प्रवक्ता बबलू कुमार प्रकाश ने कहा कि राष्ट्रीय संयोजक और सीएम अरविंद केजरीवाल के आह्वान पर आम आदमी पार्टी के सभी कार्यकर्ता 8 दिसंबर को किसानों के भारत बंद का समर्थन करेंगे। सीएम केजरीवाल ने सभी राज्यों और जिलों के पार्टी कार्यकर्ताओं से किसानों के भारत बंद में सहयोग करने की अपील की है। बबलू ने कहा कि यह लड़ाई सिर्फ किसानों की लड़ाई नहीं है, बल्कि यह हम सभी की लड़ाई है। अगर भाजपा के इन काले कानूनों से किसान प्रभावित होते हैं, तो पूरा देश प्रभावित होगा। पार्टी ने बिहार अपील किया है कि वे 8 दिसंबर को किसानों के भारत बंद का समर्थन करें।
बबलू ने कहा कि देश के अंदर भाजपा की केंद्र सरकार द्वारा बनाए गए तीन कृषि कानूनों के खिलाफ पिछले 10 दिनों से देश के अन्नदाता किसान सड़कों पर हैं। दूसरी तरफ सरकार वार्ता पर वार्ता कर रही है। उन्होंने कहा कि आप बिहार के सभी कार्यकर्ता बिहार के सभी जिलों में बंद का समर्थन करें और सफल बनाएं।


