बिहार में नीतीश सरकार की फौज तैयार, भाजपा को 21 तो जदयू को मिला 20 विभाग का जिम्मा, देखें लिस्ट
पटना। बिहार में नीतीश सरकार की फौज तैयार हो चुकी है। शपथ ग्रहण करने वाले सभी मंत्रियों के बीच विभागों का बंटवारा कर दिया गया है। इसमें 21 विभाग भाजपा के पाले में गई है तो वहीं 20 विभाग जदयू के मंत्रियों के खाते में। सोमवार को सीएम पद के लिए 7वीं बार शपथ ग्रहण करके रिकार्ड तोड़ने वाले नीतीश कुमार ने मंत्रियों के बीच विभागों का भी बंटवारा कर दिया है। पहली कैबिनेट बैठक के बाद बीते सोमवार को शपथ लेने वाले सभी मंत्रियों को उनके मंत्रालयों की जिम्मेदारी सौंप दी गई है। सीएम नीतीश ने पहले की तरह ही गृह विभाग अपने पास रखा है। इसके अलावा सामान्य प्रशासन, मंत्रिमंडल सचिवालय, निगरानी, निर्वाचन विभाग अपने पास रखा है।


भाजपा कोटे के मंत्रियों को मिला 21 विभाग
वहीं सुशील मोदी के पास पिछली सरकार में जितने भी मंत्रालय थे, उनकी जिम्मेदारी बिहार के नए उपमुख्यमंत्री बने तारकिशोर प्रसाद को सौंपी गई है। तारकिशोर प्रसाद के पास वित्त विभाग, वाणिज्य कर, पर्यावरण, वन एवं जलवायु परिवर्तन, सूचना प्रौद्योगिकी, आपदा प्रबंधन के अलावा नगर विकास एवं आवास विभाग हैं। जबकि भाजपा कोटे से ही दूसरे उपमुख्यमंत्री बनी रेणु देवी के हिस्से में पंचायती राज, पिछड़ा वर्ग एवं अतिपिछड़ा कल्याण के साथ-साथ उद्योग मंत्रालय की जिम्मेदारी दी गई है। इसके अलावा बीजेपी के कोटे में ही स्वास्थ्य, कला संस्कृति एवं युवा के साथ-साथ पथ निर्माण विभाग है। जिनकी जिम्मेदारी फिलहाल मंगल पांडे के पास है। अमरेंद्र प्रताप सिंह को कृषि, सहकारिता और गन्ना उद्योग की जिम्मेदारी दी गई है। जबकि रामप्रीत पासवान को लोक स्वास्थ्य अभियंत्रण मंत्रालय की जिम्मेदारी मिली है। वहीं जिवेश मिश्रा को श्रम संसाधन, पर्यटन के साथ-साथ खान एवं भूतत्व मंत्रालय की जिम्मेदारी मिली है। बीजेपी के ही रामसूरत कुमार को राजस्व एवं भूमि सुधार और विधि मंत्रालय की जिम्मेदारी मिली है।

जदयू कोटे के मंत्रियों को मिला 20 विभाग
जदयू को पिछली सरकार की तुलना में इस बार कम मंत्रालय हाथ आया है। नीतीश कुमार ने अपने सिपहसलार और पूर्व विधानसभा अध्यक्ष विजय कुमार चौधरी को ग्रामीण कार्य, संसदीय कार्य, ग्रामीण विकास, जल संसाधन और सूचना एवं जनसंपर्क मंत्रालय की जिम्मेदारी दी है। वहीं बिजेन्द्र प्रसाद यादव को उर्जा के अलावा मद्य निषेध, उत्पाद एवं निबंधन, योजना एवं विकास के साथ-साथ खाद्य एवं उपभोक्ता संरक्षण मंत्रालय की जिम्मेदारी मिली है। जदयू के कार्यकारी अध्यक्ष अशोक चौधरी को भवन निर्माण के साथ-साथ समाज कल्याण, विज्ञान एवं प्रौद्योगिकी और अल्पसंख्यक कल्याण मंत्रालय का दायित्व सौंपा गया है। वहीं मेवालाल चौधरी को शिक्षा और शीला कुमारी को परिवहन मंत्री बनाया गया है।
हम-वीआईपी को 1-1 मंत्रालय
नीतीश मंत्रिमंडल में शामिल हुई वीआईपी और हम को भी विभाग सौंप दिए गए हैं। जीतनराम मांझी के बेटे संतोष कुमार सुमन को नीतीश कुमार ने अपनी कैबिनेट में लघु जल संसाधन और अनुसूचित जाति/जनजाति कल्याण मंत्री बनाया है। वहीं वीआईपी प्रमुख मुकेश सहनी को पशु एवं मत्स्य संसाधन मंत्री बनाया गया है।

