मुंगेर में प्रतिमा विसर्जन को लेकर भड़की हिंसा,एक युवक की मौत, दर्जनों घायल,पुलिस ने जमकर चलायी लाठियां
पटना।प्रदेश के मुंगेर जिले में कल मतदान होने हैं इसी बीच आज वहां से बड़ी खबर आई है।मुंगेर में दुर्गा पूजा के बाद मूर्ति विसर्जन के दौरान जबरदस्त उपद्रव हुआ है।फायरिंग में एक युवक की मौत हो गई है।जबकि दर्जनों के घायल होने की सूचना है। सूचना के मुताबिक मूर्ति विसर्जन में शामिल लोगों पर पुलिस के द्वारा भी जमकर बल प्रयोग किया गया है। जिसमें कई लोग बुरी तरह से घायल हो गए हैं। घटना के संबंध में प्राप्त जानकारी के मुताबिक मुंगेर के शंकरपुर इलाके में असामाजिक तत्वों ने प्रतिमा विसर्जन के जुलूस पर हमला बोला.पुलिस की मौजूदगी में हमला किया गया.प्राप्त जानकारी के अनुसार इस दौरान फायरिंग भी हुई. घटना के बाद जमकर हिंसा भड़की. जिसके शिकार पुलिसकर्मी भी हुए. कई पुलिसकर्मी घायल हो गए.वहीं एक युवक सिर में गोली लगने की वजह से मौत हो गई.घटना के संबंध में बताया गया कि प्रतिमा विसर्जन के दौरान असामाजिक तत्वों द्वारा रोड़े बाजी की गई.घटना में मृत युवक का नाम अनुराग बताया जा रहा है। इसके बाद भड़की हिंसा में कई लोग घायल हो गए हैं। जिनका शहर के विभिन्न अस्पतालों में इलाज चल रहा है।बताते चले कि मुंगेर में कल विधान सभा चुनाव हैं।इसके बावजूद इस प्रकार सड़कों पर भड़की हिंसा पुलिस व्यवस्था की पोल खोल रही है। स्थानीय लोगों ने बताया कि अगर प्रशासन मुकम्मल इंतजाम कर रही होती।तो यह घटना टल सकती थी। मगर आरंभ में प्रशासन ने लचर रवैया अपनाया।जिस कारण घटना ने वीभत्स रूप ले लिया।इसके बाद प्रशासन ने मौके पर उपस्थित आम जनों को अपने बल प्रयोग का शिकार बनाया।


