February 27, 2026

PATNA : तेजस्वी, तेजप्रताप और पप्पू समेत 5 के खिलाफ कोतवाली थाना में प्राथमिकी दर्ज

पटना। कृषि विधेयकों के विरोध में बिना अनुमति जुलूस निकालने को लेकर पटना शहर के कोतवाली थाना में प्राथमिकी दर्ज की गयी है। राजद नेता तेजस्वी यादव, उनके बड़े भाई तेजप्रताप यादव, जन अधिकार पार्टी (जाप) नेता राजेश रंजन उर्फ पप्पू यादव और 150 अन्य लोगों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज की गयी है। बता दें शुक्रवार को राजद सहित कई किसान संगठनों और विपक्षी दलों ने संसद से पारित किए गए तीन कृषि विधेयकों को किसान विरोधी बताते हुए इसके खिलाफ राज्य भर में प्रदर्शन किया था और इस दौरान पटना में भाजपा कार्यालय के पास भाजपा और जाप कार्यकर्ताओं के बीच तीखी झड़प भी हुई थी। वहीं राजद द्वारा आयोजित विरोध मार्च का नेतृत्व तेजस्वी यादव एक ट्रैक्टर पर सवार होकर कर रहे थे, जबकि उनके बड़े भाई तेजप्रताप यादव ट्रैक्टर के ऊपर बैठे हुए थे।
इस बाबत कोतवाली थानाध्यक्ष सुनील कुमार ने बताया कि दंडाधिकारी द्वारा की गयी शिकायत के आधार पर शुक्रवार को उक्त प्रथामिकी दर्ज की गयी है। बिहार विधानसभा में प्रतिपक्ष के नेता तेजस्वी प्रसाद यादव, विधायक तेजप्रताप यादव, जाप के नेता पप्पू यादव सहित पांच लोगों के खिलाफ नामजद प्राथमिकी दर्ज की गयी है। जबकि 150 अन्य को गैर नामजद अभियुक्त बनाया गया है। बिना अनुमति के विरोध मार्च निकालने के लिए उनके खिलाफ प्राथमिकी दर्ज की गयी है। थानाध्यक्ष ने कहा कि इन नेताओं और अनाम व्यक्तियों के खिलाफ भादवि और आपदा प्रबंधन अधिनियम-2005 के विभिन्न प्रासंगिक धाराओं के तहत उक्त प्राथमिकी पटना शहर के बेली रोड पर विरोध मार्च निकालने के लिए किया गया है, जहां किसी भी तरह के विरोध प्रदर्शन पर रोक है।
इस बीच, सूचना और जनसंपर्क विभाग के मंत्री नीरज कुमार ने तेजस्वी पर उक्त ट्रैक्टर जो कृष्णा राय नामक एक व्यक्ति का था, को बिना लाइसेंस चलाने और तेज प्रताप पर ट्रैक्टर के हुड के ऊपर बैठकर मोटर वाहन अधिनियम का उल्लंघन करने का आरोप लगाया है।

You may have missed