February 27, 2026

निजी विद्यालयों ने बनायी पार्टी, सभी सीटों पर लड़ेगी बिहार विधानसभा चुनाव

पटना। शनिवार को निजी विद्यालय संगठनों द्वारा “पब्लिक विकास पार्टी” नाम के राजनीतिक पार्टी की घोषणा की गई। राजधानी के एक होटल में आयोजित प्रेस वार्ता के दौरान बिहार पब्लिक स्कूल एंड चिल्ड्रेन वेलफेयर एसोसिएशन के राष्ट्रीय अध्यक्ष डॉ. डीके सिंह ने कहा कि सरकार की मंशा हमेशा से निजी विद्यालयों को परेशान करने की रही है। लॉकडाउन में निजी विद्यालयों की जो जर्जर स्थिति हुई है, इसके लिए पूर्ण जिम्मेवार सरकार है। आरटीई के रूप मे निजी विद्यालयों का करोड़ों की राशि सरकार के पास बकाया है, परंतु सरकार भुगतान के मूड में नहीं है। ऐसे में निजी विद्यालयों ने यह फैसला किया कि जब हम गुणवत्तापूर्ण शिक्षा मुहैया कर सकते हैं, तो फिर हम निजी विद्यालय राज्य में गुणवत्तापूर्ण सरकार भी बना सकते हैं।
डॉ. सिंह ने कहा पब्लिक विकास पार्टी के लिए पूर्ववर्ती सरकारों ने कई चुनावी मुद्दे छोड़े हैं। हमारी पार्टी शिक्षा, रोजगार, उद्योग, भ्रष्टाचार एवं खासकर बिहार से बाहर रोजगार एवं उच्च शिक्षा के लिए पलायन करने वाले लोगों के लिए बिहार में ही उत्तम रोजगार व शिक्षा के अवसर प्रदान करना होगा। उन्होंने कहा कि पब्लिक विकास पार्टी पूरी मजबूती के साथ बिहार के सभी 243 विधानसभा सीटों पर चुनाव लड़ने को तैयार है। प्रेस वार्ता में एसोसिएशन से उपाध्यक्ष डॉ. एसएम सोहेल, संयुक्त सचिव प्रेम रंजन, महासचिव अशोक कुमार, रघुवंश कुमार, देवेंद्र कुमार, कन्हैया प्रसाद एवं अन्य मौजूद रहे। वहीं दूसरी ओर बिहार पब्लिक स्कूल एंड चिल्ड्रेन वेलफेयर एसोसिएशन में चंदन राज को मीडिया प्रभारी बनाया गया और मौनिका श्रीवास्तवा को वाइस प्रेसिडेंट बनाया गया।

You may have missed