बिहार में स्वास्थ्य सेवाओं में सुधार का फेज-2 शुरू : मंगल पांडेय

पटना। बिहार के स्वास्थ्य मंत्री मंगल पांडेय ने मुख्यमंत्री नीतीश कुमार के हाथों राज्य में 2814.47 करोड़ रुपये की लागत से स्वास्थ्य विभाग की 77 परियोजनाओं के उद्घाटन एवं शिलान्यास को महत्वपूर्ण बताते हुए आभार जताया। कहा कि राज्य में स्वास्थ्य सेवा में सुधार का फेज-2 शुरू हो गया है। इसके पहले 2005 में फेज वन कार्य शुरू हुआ था। मंगल पांडेय मंगलवार को सीवान के मैरवा से उद्घाटन कार्यक्रम में शामिल हुए। उन्होंने कहा कि अगले चार वर्षों में राज्य में 28 मेडिकल कॉलेज अस्पताल हो जाएंगे। सीवान, सीतामढ़ी और वैशाली में तीन मेडिकल कॉलेज अस्पताल का शिलान्यास किया गया है। इनके अलावा 8 ट्रामा सेंटर, 8 सामुदायिक चिकित्सा केंद्र, दो अतिरिक्त प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र सहित 7 अन्य परियोजनाओं का शिलान्यास किया गया है। पटना में 74 करोड़ की लागत से राजेंद्रनगर नेत्र अस्पताल, पीएमसीएच में 103 बेड के इमरजेंसी का उद्घाटन, स्टेट कैंसर इंस्टीट्यूट का आइजीआइएमएस परिसर में उद्घाटन किया गया है। यह दो साल में बनकर तैयार हो गया है। इसके साथ ही स्वास्थ्य मंत्री ने कहा कि 13 एएनएम स्कूल, 7 जीएनएम स्कूल और 6 पारा मेडिकल संस्थान का भी मुख्यमंत्री के हाथों उद्घाटन किया गया है। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री के मार्गदर्शन में स्वास्थ्य व्यवस्था के फेज 2 के विकास कार्य किये जा रहे हैं ताकि किसी को अन्य प्रदेश में इलाज के लिए नहीं जाना पड़े। उन्होंने स्वास्थ्य व्यव्यस्था में सुधार को लेकर केंद्र सरकार और प्रधानमंत्री, राज्य के उप मुख्यमंत्री के प्रति भी आभार प्रकट किया। उन्होंने कहा कि आज बिहार कोरोना से निबटने में देश के प्रमुख राज्यों में शीर्ष पर है।

You may have missed