BIHAR : दहेज को लेकर विवाहिता को मारपीट कर घर से निकाला, पति सहित पांच के विरुद्ध मामला दर्ज
सुरसंड (सीतामढ़ी)। बिहार के सीतामढ़ी जिला के बाजपट्टी थाना क्षेत्र के नगर पंचायत मुख्यालय स्थित वार्ड नंबर 10 के दुबे मुहल्ला में ससुराल वालों ने दहेज को लेकर एक विवाहिता को मारपीट व भद्दी-भद्दी गाली देकर घर से निकाल दिया।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, बाजपट्टी थाना क्षेत्र के बाजितपुर गांव वार्ड नंबर 10 निवासी संजय कुमार ठाकुर ने अपनी पुत्री मुन्नी देवी की शादी हिंदू रीति रिवाज के अनुसार 24 नवंबर 2017 को सुरसंड नगर पंचायत वार्ड नंबर 10 के दुबे मुहल्ला में भोला दूबे के पुत्र दीपक दूबे से कराया था। अपने क्षमता के अनुसार उपहार के रूप में सोना-चांदी, बर्तन, कपड़ा के अलावे अन्य सामग्री भी दिया। शादी के एक साल तक सभी ठीक-ठाक रहा। उसके बाद पति के अलावे सास, ससुर, ननद, देवर ने मुन्नी देवी के साथ मारपीट व प्रताड़ना करना शुरू कर दिया और मायके से विवाहिता को दो लाख रुपया बिजनेस करने के नाम पर लाने का दवाब देने लगे। उक्त सारी बातें दर्ज प्राथमिकी में दर्शाया गया है।
घटना की सूचना पर पीड़िता विवाहिता मुन्नी देवी ने अपने माता-पिता के साथ सीतामढ़ी महिला थाना में पहुंची जहां केस दर्ज नहीं किया गया। महिला थानाध्यक्ष ने संबंधित थाना सुरसंड में मामले को भेज दिया। बाद में सुरसंड थाना पहुंचकर महिला ने न्याय की गुहार लगायी। थानाध्यक्ष सह इस्पेक्टर भोला कुमार सिंह, अवर निरीक्षक यादवेंद्र कुमार सिंह ने मामले को गंभीरता से लेते हुए जांच की प्रक्रिया में जुट गए। जांच के उपरांत मुन्नी देवी के बयान पर प्राथमिकी दर्ज की गई, जिसमें पति दीपक दूबे, ससुर भोला दूबे, सास रेनू देवी, ननद पल्लवी कुमारी, देवर दीपेश कुमार उर्फ बंधु को नामजद अभियुक्त बनाया गया है। उक्त पीड़िता महिला ने न्याय के लिए महिला आयोग व मानवाधिकार से भी न्याय की गुहार लगायी है।


