PATNA : पोषण जागरूकता रथ रवाना, पोषण परामर्श केंद्र से कुपोषण को मात देने का मिलेगा मंत्र
फुलवारी शरीफ। राष्ट्रीय पोषण महीने में कुपोषण को जड़ से खत्म करने के लिए मंगलवार को फुलवारी शरीफ प्रखंड मुख्यालय स्थित बाल विकास परियोजना कार्यालय अंतर्गत प्रखंडस्तरीय पोषण परामर्श केंद्र का शुभारंभ किया गया। इसका उद्घाटन प्रमुख मुन्नी देवी व डीपीओ भारती प्रियंवदा और सीडीपीओ आभा प्रसाद ने संयुक्त रूप से किया।
इस अवसर पर प्रमुख मुन्नी देवी ने कहा कि उक्त केंद्र से कुपोषण को मात देने का मंत्र मिलेगा। यहां से फोन पर भी पोषण से संबंधित जानकारी लेकर कुपोषण का खात्मा कर सकते हैं। इसके लिए लोगों को आगे आना होगा। लोगों को जागरूक करते हुए कहा कि कुपोषण को दूर करने के लिए सामुदायिक सहभागिता जरुरी है। डीपीओ भारती प्रियंवदा ने कहा कि कुपोषण भारत के लिए एक बड़ी समस्या है। 1 से 30 सितंबर तक चलने वाले इस अभियान के तहत प्रखंड में कुपोषण को मिटाने के लिए लोगों को जागरूक किया जाएगा तथा उनके खाने-पीने के आदतों में बदलाव लाकर पौष्टिक अनाज के उपयोग पर जोर दिया जाएगा। सीडीपीओ आभा प्रसाद कहा कि पोषण अभियान के तहत पोषण परामर्श केंद्र की स्थापना की गई है, जिसमें गर्भवती व धात्री महिलाओं को काउंसलिग के माध्यम से यह जानकारी दी जाएगी कि खानपान में क्या जरूरी है और पौष्टिक आहार कब और कितनी मात्रा में लेनी चाहिए।


बीडीओ मो. जफरुद्दीन ने बताया कि यह पोषण जागरूकता रथ क्षेत्र में पोषण के प्रति लोगों को जागरूक करेगा। गांवों में घूम-घूम कर रथ से प्रचार प्रसार किया जाएगा। जिसके माध्यम से लोगों में छ: माह से उपर के बच्चों को अन्नप्रासन कराने, 6 से 9 माह के बच्चें को ठोस पौष्टिक आहार खिलाने, गर्भवती महिला की गोद भराई करने के विषय में जानकारी दी जाएगी। साथ ही परामर्श केंद्र पर आने वाले लाभुकों को कुपोषण दूर करने व सामुदायिक स्वास्थ्य बेहतर करने के लिए परामर्श दिया जाएगा। मौके पर प्रखंड के तमाम जन प्रतिनिधियों के साथ कई स्वयंसेवी संस्था के लोगों ने अपनी सहभागिता दिखाई।

