चुनाव में महागठबंधन का सफाया होने से कोई नहीं रोक सकता : प्रेम कुमार
पटना। बिहार भाजपा कार्यालय में पत्रकारों से बात करते हुए बिहार सरकार के कृषि, पशु एवं मत्स्य संसाधन मंत्री प्रेम कुमार ने कहा कि एनडीए पूरी तरह एकजुट है। लोजपा भी एनडीए के साथ ही रहेगी। बिहार विधानसभा चुनाव में महागठबंधन का सफाया होने से कोई नहीं रोक सकता। उन्होंने दावा किया कि चुनाव में एनडीए की बड़ी जीत होगी। एनडीए ने जनता के हित में काम किया है। लोग बिहार को फिर पीछे जाने देने के मूड में नहीं हैं।
राजद पर हमला करते हुए मंत्री ने कहा कि 2005 से पहले की सरकार किसानों को लूटती थी और आज एनडीए की सरकार प्राकृतिक आपदा के वक्त भी उनके साथ खड़ी रहती है। फर्क साफ है तभी तो 2005 के पहले लालू-राबड़ी की सरकार का कृषि विभाग का बजट मात्र 20 करोड़ का था और आज किसानों की हितैषी सरकार का कृषि बजट 2400 करोड़ से अधिक का हो चुका है। जो यह बताता है कि हम किसान व कृषि के लिए कितने संकल्पित हैं। मंत्री ने कहा कि 2005 के पहले की सरकार की किसानों के प्रति शोषण प्रवृत्ति के कारण फसलों की उत्पादकता बहुत कम थी। उस समय उत्पादकता 18.23 क्विंटल प्रति हेक्टेयर और उत्पादन 37.86 लाख मिट्रिक टन था। आज उत्पादकता जहां 28.43 क्विंटल प्रति हेक्टेयर है तो उत्पादन 61.55 लाख मिट्रिक टन हो गया है।


