February 20, 2026

गरीबों को लालटेन युग से बाहर नहीं आने देना चाहता राजद : उपमुख्यमंत्री

पटना। बिहार के उपमुख्यमंत्री सुशील मोदी ने मंगलवार को ट्वीट कर राजद प्रमुख लालू प्रसाद और उनके छोटे बेटे तेजस्वी यादव पर निशाना साधा। उपमुख्यमंत्री ने अपने ट्वीट में कहा कि आईटी-वाईटी का मजाक उड़ाने वाले लालू प्रसाद जेल में हैं, लेकिन आज उसी आईटी-वाईटी से चलने वाले सोशल मीडिया के जरिये राजनीति कर रहे हैं। आईटी (सूचना तकनीक) ने लाखों हुनरमंद युवाओं को तो रोजगार दिया ही, राजद के राजकुमार भी केवल आईटी (ट्विटर) के भरोसे अपनी छवि चमकाने में लगे हैं।
सुशील मोदी ने आगे कहा कि आईटी, वर्चुअल रैली, ईवीएम और बुलेट ट्रेन का विरोध कर राजद ने बार-बार साबित किया कि वह गरीबों को लालटेन युग से बाहर नहीं आने देना चाहता। जैसे कुछ प्राणियों को अंधेरे से प्रीत और प्रकाश से बैर होता है, उसी तरह राजनीति में भी अंधेरापसंद लोग हैं। मोदी ने कहा कि कोरोना काल में वर्चुअल रैली के जरिये ही संक्रमण से बचते हुए जनता से संवाद किया जा सकता है। राजद वर्चुअल रैली का विरोध कर रहा है, जबकि उसकी सहयोगी पार्टी कांग्रेस भी वर्चुअल रैली कर रही है। लोकतंत्र बचाओ यात्रा का नाटक करने वाले क्या केवल भाजपा-जदयू की वर्चुअल रैली को रोकना चाहते हैं?

You may have missed