युवाओं के रोजगार के मुद्दे पर कांग्रेस ने नीतीश सरकार को घेरा, बेरोजगार पंजीकरण फार्म किया लांच
पटना। कांग्रेस के बिहार प्रभारी सह राज्यसभा सांसद शक्ति सिंह गोहिल ने शनिवार को रोजगार के मुद्दे पर नीतीश सरकार को घेरा। श्री गोहिल ने नीतीश सरकार पर बरसते हुए कहा कि सूबे की सरकार युवाओं को रोजगार देने में विफल रही है। आगामी विधानसभा चुनाव में यदि महागठबंधन की सरकार बनी तो हमारा फोकस युवाओं पर होगा। इस मौके पर युवा कांग्रेस की रोजगार दो वर्चुअल रैली में बेरोजगार पंजीकरण फार्म लांच किया गया।
वहीं कांग्रेस के डिजीटल मेम्बरशीप में तेजी लाने हेतु कांग्रेस डिजीटल सदस्यता अभियान रथ को अखिल भारतीय कांग्रेस कमिटी के बिहार प्रभारी शक्ति सिंह गोहिल, सांसद एवं बिहार कांग्रेस के प्रदेश अध्यक्ष डॉ. मदन मोहन झा ने संयुक्त रूप से प्रदेश कांग्रेस मुख्यालय सदाकत आश्रम से झंडा दिखा कर रवाना किया। अभियान रथ का संचालन प्रदेश कांग्रेस कमिटी के अनुसूचित जाति विभाग के सौजन्य से हुआ है। इस अवसर पर अनुसूचित जाति के प्रदेश अध्यक्ष राजेश कुमार विधायक ने कहा कि यह अभियान रथ आज औरंगाबाद से अपना अभियान प्रारंभ करेगी और आगे पूरे सूबे में भी कांग्रेस के डिजीटल सदस्यता अभियान को चलायेगी। इस अवसर पर कांग्रेस के प्रदेश प्रवक्ता राजेश राठौड़, लाल बाबू लाल, आनंद माधव के साथ-साथ अनुसूचित जाति विभाग के पदाधिकारी राजेन्द्र चौधरी, अरविन्द लाल रजक, आशुतोष भारती, शैलेन्द्र चैधरी एवं कुमारी माला भी उपस्थित थे।


