February 17, 2026

PATNA : महिला की गला रेतकर हत्या, शव को नदी में फेंका, मोबाइल का टावर लोकेशन ले रही पुलिस

फतुहा। अपराधियों ने संपतचक प्रखंड की एक 30 वर्षीय महिला की गला रेतकर हत्या कर दी तथा शव को ठिकाने लगाने के उद्देश्य से फतुहा प्रखंड के मासाढ़ी गांव के सरकारी स्कूल के पीछे कररुआ नदी में फेंक दिया। गौरीचक थाना की पुलिस ने गुरुवार की सुबह ग्रामीणों की सूचना पर नदी से शव बरामद कर लिया। पुलिस ने घटनास्थल से महिला की लेडिज पर्स, बैंक के कुछ कागजात, महिला का फोटो, मोबाइल फोन व उसके चप्पल बरामद किया है। महिला संपतचक प्रखंड के सोना गोपालपुर की मंजूषा देवी है। नदी के किनारे एक जगह पर काफी खून के धब्बे भी मिले हैं। ऐसा प्रतीत होता है कि अपराधियों ने महिला को वहां पर लाकर तेज धारदार हथियार से गला रेत कर हत्या कर दी तथा उसके शव को नदी में फेंक फरार हो गए।
बताया जाता है कि महिला की शादी धनरुआ थाना क्षेत्र के रहनेवाले संजीत पंडित के साथ हुई थी। महिला का अपने पति से संबंध ठीक नहीं थे। महिला संपतचक बाजार में अलग रहकर सब्जी बेचने का काम करती थी। पुलिस ने घटनास्थल से बरामद महिला के मोबाइल से अधिकांश नंबरों पर सम्पर्क किया तो वह सभी नंबर बंद आ रहे थे। बैंक के कागजात से पता चलता है कि महिला ने बीते बुधवार को हीं खाते में 80 हजार रुपये की निकासी की थी। गौरीचक थाना प्रभारी के अनुसार मोबाइल का टावर लोकेशन लिया जा रहा है कि घटनास्थल पर कौन लोग मौजूद थे। वैसे इस हत्याकांड की गुत्थी सुलझाने के लिए सभी तथ्यों को टटोला जा रहा है। वैसे देखा जाए तो पुलिस उसके पति को रडार पर रखकर मामले की छानबीन शुरू कर दी है।

You may have missed