BIHAR : 151 करोड़ से दुरुस्त होंगी मधुबनी, सहरसा समेत छह जिलों की सड़कें
पटना। बिहार सरकार के पथ निर्माण मंत्री नंद किशोर यादव ने बताया कि छह जिलों में 151.40 करोड़ से लगभग 62 किमी लंबी सड़कों का कायाकल्प होगा, साथ ही एक उच्चस्तरीय पुल का भी निर्माण किया जायेगा। विभागीय निविदा समिति की हुई बैठक में प्रशासनिक स्वीकृति प्रदत्त योजनाओें की वित्तीय बिड पर निर्णय करते हुए जिन जिलों की योजनाओं को मंजूरी दी गई है उनमें मधुबनी, बक्सर, शेखपुरा, सहरसा, सुपौल और सीवान शामिल है। स्वीकृत योजनाओं को ससमय पूरा करना होगा।
योजना के अनुसार, मधुबनी में झोरी चौक से भुट्ठा चौक भाया महादेव मठ रोड के लिए 93.52 करोड़, बक्सर में परसथुआ बाजार से महावीर स्थान (एसएच-14) तक पथ के लिए 10.23 करोड़, शेखपुरा में कोयला-डिहकुसुम्भा वाया भदौसी पथ की मरम्मत और उच्चस्तरीय आरसीसी पुल के निर्माण के लिए 11.23 करोड़ खर्च होंगे। जबकि सहरसा में नया बाजार से राष्ट्रीय उच्च पथ सं-327(ई) वाया नरियार रोड को सिंगल से इंटरमीडिएट करने के लिए 16.45 करोड़, सुपौल से बीना पथ के लिए 12.34 करोड़ और सीवान में दारौंदा-महाराजगंज पथ पर 07.60 करोड़ रूपये की स्वीकृति प्रदान की गयी है।
मंत्री श्री यादव ने कहा कि स्वीकृत योजनाओं को ससमय पूरी गुणवत्ता के साथ 8 से 24 माह के भीतर पूरा कर लेना है। इसके लिए संबंधित पदाधिकारियों को निर्देश दिया गया है। विभाग द्वारा निविदा प्रक्रिया में खुलापन एवं पारदर्शिता को बढ़ावा देने के उद्देश्य से निविदा समिति के सभी निर्णय को विभागीय वेबसाइट पर भी अपलोड किया गया है।


