जदयू में शामिल होंगे लालू के समधी चंद्रिका राय, जल्द करेंगे विधिवत घोषणा!
पटना। राजद सुप्रीमो लालू प्रसाद के समधी एवं तेज प्रताप यादव के ससुर चंद्रिका राय ने जदयू में शामिल होने के संकेत दिये हैं। बता दें चंद्रिका राय फिलहाल एम्स में भर्ती हैं। उनकी कोरोना रिपोर्ट पॉजिटिव आने के बाद भर्ती कराया गया था। बताया जा रहा है कि अस्पताल से छुटटी मिलने के बाद वह विधिवत घोषणा करेंगे और जदयू में शामिल होंगे।
बिहार के परसा विधानसभा सीट से विधायक चंद्रिका राय ने गुरुवार को फेसबुक पोस्ट के जरिये मुख्यमंत्री नीतीश कुमार की पार्टी जदयू में शामिल होने के संकेत दिये हैं। उन्होंने अपने समर्थकों को जदयू के प्लेटफॉर्म पर डाटा शेयर करने को कहा है, साथ ही जदयू का एक लिंक भी साझा किया है। चंद्रिका राय की ओर से साझा किये गये जदयू के इस लिंक पर समर्थकों व कार्यकर्ताओं को जिले का नाम, विधानसभा क्षेत्र के साथ-साथ अपना नाम और मोबाइल नंबर साझा करना है। इसके बाद डाटा को सेव कर देना है। फेसबुक पोस्ट में उन्होंने लिखा है कि ”परसा विधानसभा पार्टी के समर्थक, शुभचिंतक एवं समर्पित कार्यकर्ता का संपर्क नंबर पार्टी के डेटा बेस से जोड़ा जा रहा है ताकि, समय-समय पर पार्टी की गतिविधियों की जानकारी उन्हें सीधे राज्य पार्टी की ओर से दी जा सके।” साथ ही समर्थकों और शुभचिंतकों से अन्य लोगों को जुड़ने के लिए प्रेरित करने को कहा गया है।
मालूम हो कि चंद्रिका राय की बेटी ऐश्वर्या राय से तेज प्रताप यादव के तलाक के मामले कोर्ट में चल रहे हैं। इस मामले के बाद से दोनों परिवारों के बीच दूरियां बढ़ती चली गई।


