December 8, 2025

मुंगेर: पुलिस अवर निरीक्षक ने पेड़ से लटक कर दी जान, एसपी ने परिजनों को दिया हरसंभव मदद का आश्वासन

मुंगेर। बिहार के मुंगेर जिला स्थित पुलिस केंद्र में मंगलवार को एक दुखद घटना हुई। मुंगेर जिला में पदस्थापित पुलिस अवर निरीक्षक जैनुद्दीन मंसूरी का आज सुबह पेड़ से लटकता हुआ शव बरामद किया गया। छानबीन के क्रम में बैरक की तलाशी लेने पर बैरक के छत पर पुलिस को सल्फास की कुछ गोलियां मिली हैं। संभावना जताई जा रही है कि उन्होंने सल्फास खाने के बाद पेड़ से लटक कर आत्महत्या कर ली। जानकारी मिलने के बाद पुलिस अधीक्षक लिपि सिंह, अपर पुलिस अधीक्षक सह अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी सदर कुमार तथा आसपास के सभी थानों की पुलिस पहुंची। एसपी ने तत्काल शव को पेड़ से उतरवाकर पोस्टमार्टम के लिए भिजवाया। परिजनों को घटना की जानकारी दे दी गई है। वहीं पोस्टमार्टम के उपरांत जैनुद्दीन मंसूरी को श्रद्धांजलि अर्पित की गई। पुलिस अधीक्षक, एएसपी सदर, मुख्यालय डीएसपी सहित अन्य पदाधिकारियों ने उन्हें भावभीनी श्रद्धांजलि अर्पित की। पुलिस केंद्र में स्व. जैनुद्दीन मंसूरी की पत्नी, बेटे और दो अन्य परिजनों से एसपी ने मुलाकात की तथा उन्हें हरसंभव मदद का आश्वासन दिया। मौके से कोई सुसाइड नोट नहीं मिला है। पुलिस अधीक्षक ने उनके परिवार के सदस्यों से विस्तृत जानकारी भी ली। कल रात उन्होंने अपनी पत्नी से बात भी की थी। उनकी पत्नी ने बताया कि बातचीत के दौरान वे काफी सामान्य दिख रहे थे। उनके शव को उनके पैतृक घर भेज दिया गया है। संबंधित पदाधिकारियों को आवश्यक प्रक्रिया को जल्द पूरा कर परिवार को सेवांत लाभ देने तथा दूसरी आवश्यक मदद पहुंचाने का निर्देश दिया गया है।

You may have missed