February 17, 2026

कही ‘भूख’ सरकार के ‘गले की फांस’ न बन जाए, सरकारी व्यवस्था पर उठ रहे सवाल

मोतिहारी। लॉक डाउन में अब गरीब व असहाय लोगों का धैर्य जवाब देने लगा है। लोग भूख से बिलबिला रहे हैं। कह रहे हैं कि लॉक डाउन में हमलोग दो वक्त खाना नहीं खा पा रहे हैं। ऐसे में बच्चों के लिए पोषक भोजन कहां से जुटाएंगे। जो सरकारी व्यवस्था पर बहुत बड़ा सवाल है कि आखिर केंद्र व राज्य सरकार किन जरूरतमंदों की भूख मिटाने का दावा कर रही है। इसके कारण लोगों में आक्रोश पनपने लगा है, जिसे समय रहते शांत करने की जरूरत है। वर्ना कही यहीं भूख आगे चलकर सरकार के ‘गले की फांस’ न बन जाए। बता दें आगामी कुछ महीनों बाद ही बिहार में विधानसभा चुनाव होने हैं, कहीं यह भूख की राजनीति सरकार पर हावी न हो जाए। क्योंकि भूख मिटती नहीं साहेब मिटायी जाती है।
बता दें मोतिहारी जिले में कोरोना संक्रमण के साथ ही एईएस का खतरा मंडरा रहा है। गर्मी बढ़ने के साथ ही बच्चों में एईएस की शिकायत सामने आने लगी है। डीएम एस कपिल अशोक ने अधिकारियों को गांव-गांव जाकर लोगों को कोरोना और एईएस के प्रति जागरूक करने का निर्देश दिया है। डीएम के निर्देश पर बुधवार को हरसिद्धि प्रखंड के जागापाकड़ गांव के भैयाटोला में एसडीओ और बीडीओ लोगों को समझाने पहुंचे थे। चर्चा हो ही रही थी कि उग्र ग्रामीणों ने हमला बोल दिया, जिससे बीडीओ और दो पुलिसकर्मी घायल हो गए।
बताया जाता है कि एसडीओ और बीडीओ भैया टोला के लोगों से कोरोना और एईएस को लेकर चर्चा करने पहुंचे थे। इस टोले में अधिकतर घर महादलित वर्ग के लोगों का है। अधिकारी लोगों को बच्चों को पोषक आहार देने को कह रहे थे। उनका कहना था कि बच्चों को दूध, फल, दाल, अंडे व अन्य पोषक खाना दीजिए, जिससे वे कमजोर न रहें और एईएस का शिकार न बनें। इस दौरान गांव के लोग कहने लगे कि लॉक डाउन में हमलोग दो वक्त खाना नहीं खा पा रहे हैं। खुद भूखा रहना पड़ रहा है, ऐसे में बच्चों के लिए पोषक भोजन कहां से जुटाएंगे। इस दौरान ग्रामीणों और अधिकारियों में बहस हो गई और बहस देखते-देखते रणक्षेत्र में तब्दील हो गया। जिसके बाद गांव के लोगों ने पथराव करना शुरू कर दिया। पथराव में एसडीओ, बीडीओ और पुलिस की गाड़ियां क्षतिग्रस्त हो गईं है। बीडीओ को चोट आई है और दो पुलिसकर्मी घायल हुए हैं। घायलों को इलाज के लिए अरेराज स्थित अनुमंडलीय अस्पताल ले जाया गया। चर्चा के दौरान पुलिस वीडियोग्राफी भी कर रही थी। पुलिस वीडियो देखकर हमला करने वालों की पहचान करने में जुटी है।

You may have missed