पूर्व मंत्री उपेन्द्र प्रसाद वर्मा के निधन पर जदयू में शोक की लहर
पटना। बिहार सरकार के पूर्व मंत्री एवं लंबे समय तक जमालपुर विधानसभा क्षेत्र का प्रतिनिधित्व करने वाले उपेन्द्र प्रसाद वर्मा के निधन से जदयू परिवार शोकाकुल है। बिहार प्रदेश जदयू के प्रदेश अध्यक्ष बशिष्ठ नारायण सिंह, राष्ट्रीय महासचिव आरसीपी सिंह, सांसद राजीव रंजन सिंह उर्फ ललन सिंह, ग्रामीण विकास मंत्री शैलेश कुमार, विधानपार्षद संजय कुमार सिंह उर्फ गांधीजी, ललन सर्राफ, राष्ट्रीय सचिव रविन्द्र सिंह, प्रदेश महासचिव डॉ. नवीन कुमार आर्य, अनिल कुमार, जदयू मीडिया सेल के प्रदेश अध्यक्ष डॉ. अमरदीप एवं क्षेत्रीय संगठन प्रभारी डॉ. बिपिन कुमार यादव समेत बड़ी संख्या में जदयू नेताओं व कार्यकर्ताओं ने उनके निधन पर शोक व्यक्त किया है।
बशिष्ठ नारायण सिंह ने कहा कि उपेन्द्र प्रसाद वर्मा के निधन से बिहार की राजनीति में एक बड़ी रिक्तता आ गई है। वे न केवल एक प्रखर राजनीतिज्ञ थे बल्कि सामाजिक कार्यों में भी उनकी गहरी रुचि थी। अथाह दुख की इस घड़ी में पूरा जदयू परिवार उनके परिजनों के साथ खड़ा है। आरसीपी सिंह ने कहा कि उनके निधन से न केवल राजनीतिक बल्कि सामाजिक क्षेत्र में भी बड़ी क्षति हुई है जिसकी भरपाई संभव नहीं। मैं उन्हें सादर श्रद्धांजलि अर्पित करता हूं। वहीं सांसद राजीव रंजन सिंह उर्फ ललन सिंह ने कहा कि उनके साथ मेरी कई स्मृतियां जुड़ी हुई हैं। उन्होंने अपने कार्यों से न केवल अपने क्षेत्र एवं जिला बल्कि सम्पूर्ण बिहार में अमिट छाप छोड़ी है।
बता दें उपेन्द्र प्रसाद वर्मा ने गुरुवार सुबह पटना के उमा हॉस्पिटल में अंतिम सांस ली। वे लगभग 72 वर्ष के थे और पिछले कुछ समय से अस्वस्थ चल रहे थे। उनका अंतिम संस्कार 10 अप्रैल को उनके पैतृक गांव हेमजापुर में किया जाएगा। उनके निधन का समाचार मिलते ही उनके सम्मान में जदयू मुख्यालय में पार्टी का ध्वज आधा झुका दिया गया।


