December 9, 2025

बिहार : गंदी नीयत से घर में घुसे अपराधियों ने एससी-एसटी परिवार से जुड़े पांच लोगों को मारी गोली, एक गंभीर

भोजपुर। देशव्यापी लॉकडाउन के बीच अपराधी पुलिस को चुनौती देने से बाज नहीं आ रहे हैं। बिहार के भोजपुर जिले के तरारी थाना क्षेत्र के सारा गांव में हथियारबंद अपराधियों ने रविवार की देर रात अनुसूचित जाति-जनजाति परिवार से जुड़े पांच सदस्यों को गोली मार दी है। घायलों में एक की हालत गंभीर बनी हुई है। जिसे तरारी प्राथमिक स्वास्थ्य केन्द्र से प्राथमिक उपचार के बाद बेहतर इलाज के लिए सदर अस्पताल, आरा रेफर कर दिया गया है। इधर, सोमवार की सुबह पुलिस ने दुर्गपुर गांव में छापेमारी कर अखिलेश यादव और राजेश यादव नामक दो संदिग्धों को हिरासत में ले लिया है। वहीं मुख्य आरोपित रवि यादव समेत अन्य की तलाशी जारी है। वहीं घटना की जानकारी होने पर तरारी के भाकपा माले विधायक सुदामा प्रसाद सोमवार की सुबह सदर अस्पताल पहुंचे। उन्होंने घायलों से मिलकर घटना की जानकारी ली। विधायक ने कहा कि अपराधियों पर हत्या और दुष्कर्म के प्रयास किए जाने का मुकदमा चलना चाहिए। विधायक ने आरोपितों को तत्काल गिरफ्तार करने की मांग की है।
मिली जानकारी के अनुसार वारदात रविवार की रात करीब दस बजे सारा गांव में अनुसूचित जाति टोला के लोग खाना खाकर सो रहे थे कि इसी दौरान हथियार बंद बदमाशों ने गंदी नीयत से एक घर में घूसने का प्रयास किया। इस दौरान विरोध करने पर अपराधियों ने ताबड़तोड़ फायरिंग कर अनुसूचित जाति-जनजाति टोला के कृष्णा राम, रामनाथ राम और अजय राम समेत पांच लोगों को गोली मार दी। वारदात को अंजाम देकर बदमाश फरार हो गए। गोली से घायल परिवार के सदस्यों को इलाज के लिए सदर अस्पताल, आरा लाया गया। हमले का आरोप रवि यादव समेत अन्य पर लगाया जा रहा है। घायलों में कृष्णा राम की हालत गंभीर बनी हुई है। कृष्णा राम के शरीर में पांच-छह जगहों पर गोली का छर्रा लगा है। इधर, भोजपुर एसपी सुशील कुमार ने बताया कि हथियारबंद अपराधी शराबखोरी की नीयत से गए थे। मुख्य आरोपी रवि यादव एक होमगार्ड जवान की हत्या में पूर्व से फरार चला आ रहा है। गिरफ्तारी के लिए छापेमारी चल रही है।

You may have missed